चाईबासा में आमने-सामने पुलिस और नक्सली, मुठभेड़ जारी
Source: अनिमेष नचिकेता. | Last Updated 14:21(16/01/12)
पश्चिमी सिंहभूम. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा के गुलरुआ में आज प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गयी। दोनों ओर से फायिरिंग जारी है। मालूम हो कि इस इलाके में अब तक का सबसे बड़ा नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लगभग 5000 से अधिक सीआरपीएफ के कोबरा जवान स्थानीय पुलिस संग मोर्चा संभाले हुए हैं। दोनों ओर से लगातार फायिरिंग की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि पहली बार इस इलाके में पुलिस और नक्सली की आमने-सामने मुठभेड़ हो रही है।
बोकारो से ऑपरेशन मोर के दौरान दो नक्सली गिरफ्तार
इधर, बोकारो जिला स्थित झुमरा पहाड़ पर चल रहे ऑपरेशन मोर के दौरान पुलिस ने दो नक्सलियों जानकी महतो और मोती महतो को हथियारों संग गिरफ्तार किया है। बोकारो के एसपी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि इनेक पास से पुलिस ने एक पाईप बम, दो केन बम समेत अन्य कई चीजें बरामद की हैं। इन दोनों नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में ऑपरेशन जारी है।
घर आया नक्सली गुमला में पकड़ाया
वहीं, रांची से सटे गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य बिगन छेडवार को आज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। गुमला के एसपी जतिन नरवाल ने बताया कि बिगन माओवादियों के एरिया कमांडर बलराम के दस्ते का सदस्य है। इसके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में नक्सली साहित्य बरामद किये हैं। गिरफ्तार नक्सली अपने घर आया हुआ था और पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिल गयी।
लातेहार में लैंड माईंस बरामद
झारखंड के घोर नक्सल प्रभावित जिले लातेहार के बरवाडीह के रमणदाग मोड़ के पास से आज सीआरपीएफ के जवानों ने एक शक्तिशाली लैंड माईंस बरामद किया है। यहीं से कुछ दूरी पर पवार मोड़ के निकट बीते तीन दिसंबर को चतरा से सांसद इंदर सिंह नामधारी पर नक्सली हमला हुआ था। जवानों ने इस बम को निष्क्रिय कर दिया है। बताया जा रहा है कि ये बम जवानों को निशाना बनाने की नियत से ही यहां रखा गया था।