जम्मू. शिक्षामंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद द्वारा अपने बेटे को मिलीभगत से दसवीं की परीक्षा पास करवाने के मामले की जांच रिपोर्ट क्राइम ब्रांच ने बुधवार को मुख्यमंत्री को सौंप दी। रिपोर्ट में बोर्ड के तीन अधिकारियों द्वारा परीक्षा पास करवाने में मदद करने की बात कही गई है। इसके बाद से पीरजादा द्वारा मंत्री पद से इस्तीफा देने की अफवाहों का बाजार दिन भर गर्म रहा।
उधर,पीरजादा को लेकर कांग्रेस भी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है। बुधवार सुबह क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को सौंपी। हालांकि रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट है कि वर्ष 2009 में दसवीं की परीक्षा पास करवाने में शिक्षा बोर्ड के तीन अधिकारियों ने पीरजादा के बेटे इमाम सौबान की मदद की थी।