बारिश और बर्फबारी से जम्मू में ठप हुआ जनजीवन
जम्मू. दो दिनों से जारी बारिश का असर समूने राज्य में देखने को मिल रहा है। बारिश ने लोगों को फिर से ठंड का अहसास करवाया है। यहां राज्य में तीन चार दिन पहले लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था। वहीं अब लोग फिर से गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए है। दो दिनों से लगातार जारी बारिश का मौसम पर खूब असर पड़ा है। कश्मीर में बर्फबारी ने जीवन को अस्त व्यस्त किया है।
पत्नीटाप तक में छह इंच बर्फ पड़ गई है। उसके अलावा कश्मीर के कई स्थानों पर आठ से दस इंच बर्फ को देखा गया है। इस बर्फबारी को देखते हुए दोनों तरफ से हाइवे पूरी तरह से बंद है। जिस कारण हाइवे पर वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई है। प्रशासन बर्फ को हटाने में लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार लगातार दो दिनों से बारिश से कश्मीर में हालात खराब नजर आ रहे हैं। गुरुवार को ही कई स्थानों पर भारी बर्फबारी शुरु हो गई थी। जो शुक्रवार को भी जारी रही। ऐतिहात के तौर पर प्रशासन ने गुरुवार को ही हाइवे को बंद कर दिया था। लेकिन दोपहर बाद कुछ यात्री वाहनों को निकाला गया, ताकि यात्री जाम में ना फंस जाए। बाद में ज्यादा बर्फबारी होने से हाइवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को बर्फबारी ज्यादा हुई है। उन्होंने बताया कि जवाहर टनल के आसपास तथा पहाड़ों में खूब बर्फ पड़ी है। इससे सड़क यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
वहीं जम्मू संभाग से जाने वाले वाहनों को उधमपुर तथा पत्नीटाप में ही रोका जा रहा है। क्योंकि पत्नीटाप में छह इंच बर्फ पड़ी है। इससे सड़क पर पूरी बर्फ की चादर बिछ गई है।






