अमेरिकी फिल्म पर उबला कश्मीर, दर्जनभर कट्टरपंथी नेता नजरबंद

जम्मू. इस्लाम के खिलाफ अमेरिकी फिल्म के विरोध में शुक्रवार को नमाज के बाद कश्मीर के कई स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन हुए। हालात को देखते हुए पुलिस ने सिटी में धारा 144 लगा दी। इसके अलावा कुछ कट्टरपंथी नेताओं सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारुक, मोहम्मद यासीन मलिक, शबीर शाह, मोहम्मद नयीम खान समेत करीब एक दर्जन नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया गया ताकि कश्मीर के हालात और खराब ना हो। बता दें कि इस फिल्म को सोशल नेटवर्क साइट के हटाने के लिए राज्य सरकार ने केन्द्र को लिखा है, जिस पर विचार किया जा रहा है। इस मामले में ग्रैंड मुफ्ती बशीरूदीन ने वीरवार को फरमान जारी किया था। इसमें कहा गया था कि कश्मीर में जो भी अमेरिका के लोग हैं वह कश्मीर छोड़ कर चले जाएं नहीं तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इसके विरोध में कई लोगों ने खाना तक नहीं खाया है। अमेरिका की फिल्म के सोशल नेटवर्क साइट पर आने से यह विरोध का सिलसिला शुरू हुआ है। इसके विरोध में वीरवार को कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए थे। शुक्रवार को बड़े स्तर पर हंगामा किया जाना था। लेकिन पुलिस ने हालात को देखते हुए पहले से ही इंतजाम कर लिए थे। इसमें नेताओं को नजरबंद किया गया। इसके अलावा कश्मीर के कई जिलों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। शहर में नमाज के बाद लोगों को जबरदस्ती घरों को भेजा गया ताकि वह प्रदर्शन ना कर सकें। लेकिन उसके बावजूद कश्मीर के कई स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन हुए है। शुक्रवार को कट्टरपंथी नेताओं ने इस फिल्म के विरोध में जनता को कई बयान दिए है। बता दें कि देश के कई स्थानों पर इस फिल्म के विरोध में प्रदर्शन हो रहे है। केन्द्र सरकार को इस बारे में लिखा गया है। ताकि साइट से फिल्म को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए पूरे इंतजाम भी किए गए है। - बीआर शर्मा, गृह सचिव








