जम्मू से सीधे कटरा तक ट्रेन की सेवा मार्च से

पठानकोट. जम्मू से कटरा तक रेल लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जम्मू-कटरा सेक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए मार्च 2013 का लक्ष्य रखा गया है। मार्च से श्रद्धालु जम्मू में रुके बिना सीधे कटरा पहुंच सकेंगे। जम्मू से बस से कटरा पहुंचने में जहां ढाई घंटे लग जाते हैं वहीं ट्रेन से महज डेढ़ घंटे लगेंगे।
फिरोजपुर के डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर (डीसीएम) एमएम मीना ने कहा कि जम्मू-कटरा रेल सेक्शन मार्च तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है और कोशिश की जा रही है कि यात्रियों को कटरा स्टेशन पर ही दर्शन स्लिप मिले।
इसके लिए श्राइन बोर्ड प्रबंधन से बातचीत की जा रही है। रेलवे ने 1995-96 में कटरा तक ट्रैक बिछाने का काम शुरू किया था। जम्मू तवी से उधमपुर तक 56 किलोमीटर का ट्रैक 2009 में चालू हो गया था। उधमपुर से कटरा तक 35 किलोमीटर के सफर में 17 सुरंगें बनाई गई हैं। फिलहाल तीन प्लेटफार्म बन गए हैं।






