लश्कर ने कश्मीर मेंमहमले की जिम्मेदारी ली

श्रीनगर. आतंकी संगठन लश्करे तैयबा ने शुक्रवार को श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर नौगाम में सेना के काफिले पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। हमले में एक होटल कर्मचारी की मौत हो गई थी। दो लोग जख्मी हो गए थे।
मीडिया रिपोर्टों में लश्कर प्रवक्ता अब्दुल्ला गजनवी के हवाले से कहा गया है कि उसके चार आतंकियों ने सेना के काफिले पर बम फेंके और फायरिंग की। यह हमला उस वक्त किया गया जब काफिला हाईवे पर सिल्वर स्टार होटल के पास से गुजरा था।
उसने चारों आतंकियों को फिदायीन बताया है। हमले में सेना के वाहनों को काफी नुकसान होने का दावा किया गया है। गजनवी ने कहा कि हमले के बाद चारों आतंकी सकुशल अपने अड्डे पर लौट गए।
चारों आतंकी सेना के काफिले पर हमले की नाकाम कोशिश के बाद होटल में गोलीबारी करते हुए घुसे। इसमें होटल के बेलब्वाय की मौत हो गई और दो लोग जख्मी हो गए। हालांकि गजनवी ने कहा कि सेना की जवाबी फायरिंग में होटल कर्मचारी मारा गया। मई माह के बाद घाटी में शुक्रवार को यह पहला आतंकी हमला हुआ।
इसी दिन सेना, पुलिस और इंटेलीजेंस के कई बड़े अफसरों ने यहां बैठक कर सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की।






