कठुआ। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार जारी बारिश को देख प्रशासन भी सकते में आ गया है। उज्ज दरिया के किनारे गांव खंदवाल के करीब 50 परिवारों को यहां शिफ्ट कर एक स्कूल में ठहराया गया है वहीं, दरिया किनारे करीब आधा दर्जन गांवों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा घाटी के चंग क्षेत्र में बनाए गए बांध को भी नुकसान पहुंच सकता है। अगर बारिश का दौर रात भर जारी रहा तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है, जिसे लेकर भी प्रशासन ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। जिला प्रशासन के अनुसार दरिया किनारे तमाम गांवों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। हालाकि आपात स्थिति से निपटने के लिए अमला तैयार है।