जम्मू . राज्य में स्थानीय निकायों के चुनाव करवाने के लिए राज्य मंत्रीमंडल ने बुधवार को मंजूरी दे दी। ये चुनाव अप्रैल में करवाए जाएंगे। इससे पहले इन निकायों के लिए वर्ष 2005 में चुनाव हुए थे। इनका कार्यकाल मार्च 2010 में पूरा हो गया था। इसके साथ ही लेह व करगिल ऑटोनोमस हिल डेवल्पमेंट कौंसिल के कौंसलरों का वेतन 10,000 से बढ़ाकर 30,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में मंत्रीमंडल की बैठक में शहरी निकायों के चुनावों को अप्रैल माह में करवाए जाने को मंजूरी दी गई। इन चुनावों की प्रक्रिया को विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा। सत्र 30 मार्च को समाप्त होगा।
कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अली मोहम्मद सागर ने बताया कि निकाय चुनाव करवाने को मंजूरी दे दी गई है। अप्रैल माह से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा चुनाव आयोग को जानकारी दे दी जाएगी। जिन निकायों के चुनाव होने हैं उनमें जम्मू व श्रीनगर नगर निगम शामिल है। इसके अलावा 69 म्यूनिसिपल कमेटी तथा 6 कौंसिल हैं। 2005 के बाद 17 नई म्यूनिसिपल कमेटियां गठित करने का भी प्रस्ताव बना था। शेष पेजत्न४ पर