उमर से मिला विधायकों का प्रतिनिधिमंडल

श्रीनगर. पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं विधायक प्रो. चमन गुप्ता के नेतृत्व में विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भेंट कर जनता को पेश आ रही मुश्किलों को उजागर किया। विधायकों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पंचायतों को सशक्त तथा निकाय चुनावों को जल्द करवाया जाए। मुख्यमंत्री ने विधायकों को आश्वासन दिया कि दिसंबर में हर हाल में निकाय चुनाव करवाए जाएंगे और अब देरी की संभावना नहीं है। इसके अलावा बढ़ते पुलिस-माफिया सांठगांठ की जांच करते हुए उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री से भेंट में प्रो. चमन लाल गुप्ता ने चिंता जताते हुए कहा कि निकाय चुनावों में बहुत देरी हो गई है और अब जल्द चुनाव होने चाहिए। विधायक भारत भूषण ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि उनके क्षेत्र में पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलना था और इस बारे जिला विकास बोर्ड की बैठक में फैसला भी हुआ लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। विधायकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुलिस अधिकारियों का एक माफिया जनता की चिंता किए बगैर अपराध को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कई ऐसे उदाहरण दिए जिसमें पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत रही है। प्रतिनिधिमंडल जगदीश राज सपोलिया, बलदेव राज और विधायक दुर्गादास मौजूद थे।






