108 परियोजनाओं के लिए 1300 करोड़ रुपये मंजूर
श्रीनगर. चालू वित्त वर्ष के दौरान रियासत के दोनों संभागों में आईएचएसडीपी के अंतर्गत 6131 स्वीकृत डेवलपिंग यूनिटों में से 4541 पर कार्य शुरू हो चुका है। जबकि जवाहरलाल नेहरू अर्बन रिन्युअल मिशन (जेएनएनयूआरएम) के अधीन 108 परियोजनाओं के लिए 1332 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुई है।
शुक्रवार को शहरी विकासीय सेक्टर की समीक्षा बैठक के दौरान इस बात की जानकारी उपमुख्यमंत्री ताराचंद को दी गई। बैठक में बताया गया कि जम्मू संभाग में सीवरेज सुविधाओं के लिए 129 करोड़ की राशि निर्धारित की गई है। वहीं कश्मीर संभाग के लिए 131 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है।
इनके अलावा 30 करोड़ की राशि की स्वीकृति जम्मू संभाग से संबंधित शेष क्षेत्रों में आधारभूत सीवरेज स्कीमों के लिए मंजूर की गई है। बैठक में आगे बताया गया कि टंगदार वाटर सप्लाई स्कीम के लिए 148 करोड़ रूपये मंजूर राशि में से चालू वित्त वर्ष के दौरान 68 करोड़ का व्यय किया गया है। इसके अलावा सुखनाग वाटर सप्लाई स्कीम हेतु 121 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे संबंधित परियोजनाओं को पूरा करने में पारदर्शिता बरतें। विशेषकर कश्मीर संभाग में क्योंकि यहां कार्य करने का कम समय बचा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी शेष कार्यो को एक सप्ताह के भीतर हाथ में लें ताकि इसके लिए धनराशि जारी की जाए।








