'विज्ञान में लोगों के कल्याण की अपार क्षमता'

श्रीनगर. उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने कहा है कि लोगों के कल्याण के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति अधिक समन्वित दृष्टिकोण अपनाने तथा जोरदार क्षमताओं की आवश्यकता है। सोमवार को कश्मीर यूनिवर्सिटी में आठवीं जम्मू कश्मीर विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह सराहनीय है कि इस प्रकार का राज्य स्तरीय सम्मेलन 2005 से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
समारोह में राज्यपाल एनएन वोहरा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व मंत्रीगण भी मौजूद रहे। समारोह में उप राष्ट्रपति ने रियासत के 10 सांइसदानों को जेएंडके यंग साइंटिस्ट अवार्ड-2010 से सम्मानित किया। यह अवार्ड जेएंडके स्टेट कौंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से दिए जाते हैं। अवार्ड पाने वालों में डॉ रियाज उल रौफ, डॉ मुबशिर मसूदी, शैमा, डॉ सुनील वांचू, डॉ संदीप डोगरा, डॉ फिरदौस खांडे, डॉ परविंदर कुमार, डॉ मुजम्मिल जान व डॉ मोनिका गुप्ता शामिल थे। इस मौके पर कश्मीर यूनिवर्सिटी के सेंट्रल एशियन स्टडी सेंटर द्वारा प्रकाशित सेंट्रल एशियन डाइजेस्ट का नवीन संस्करण का भी विमोचन किया।






