आम पर्यटकों की जेब को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे शिरडी, तिरुपति, रामेश्वरम और कन्याकुमारी भ्रमण का एक पैकेज शुरू कर रहा है। 12 दिवसीय इस भ्रमण के लिए दिल्ली से विशेष रेलगाड़ी पांच फरवरी 2012 को रवाना होगी। इसमें दिल्ली के अलावा जयपुर, ग्वालियर, झांसी और भोपाल से भी यात्री सवार हो सकते हैं। पैकेज का शुल्क महज 6,156 रुपये रखा गया है जिसमें आने-जाने का किराया, रहना, घूमना फिरना, चाय-नाश्ता और भोजन भी शामिल है।
रेल मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम इंडियन रेलवे टूरिज्म एंड कैटरिंग कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के उत्तरी क्षेत्र के समूह महाप्रबंधक संजय कुमार जैन ने बताया कि दिल्ली के साथ-साथ जयपुर और भोपाल के पर्यटकों की तरफ से एक ऐसे पैकेज की मांग आ रही थी जिसमें शिरडी की यात्रा के साथ साथ दक्षिण भारतीय पर्यटन स्थलों का भी समावेश हो।
इसी को ध्यान में रखते हुए इसमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै और कन्याकुमारी जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि यह विशेष रेलगाड़ी पांच फरवरी को दिल्ली से रवाना होगी। उसी दिन यह गाड़ी जयपुर, आगरा, ग्वालियर पहुंच जाएगी जहां से पर्यटक इसमें सवार हो सकेंगे।
अगले दिन सुबह गाड़ी (हबीबगंज) भोपाल में होगी। वहां से भी पर्यटकों को ट्रेन में चढऩे की सुविधा होगी। इसके बाद पर्यटकों को सबसे पहले मनमाड से शिरडी के साईं बाबा के दर्शन को ले जाया जाएगा। वहां से शनी शिगनापुर का भ्रमण कराया जाएगा। वहां रात्रि विश्राम धर्मशाला में होगा फिर अगले दिन ट्रेन तिरुपति की ओर चल पड़ेगी।
भ्रमण के चौथे और पांचवें दिन पर्यटक तिरुपति में रहेंगे और छठे दिन रामेश्वरम पहुंच जाएंगे। वहां पर्यटकों को सेतु बांध रामेश्वर और रामनाथ स्वामी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। सातवें दिन गाड़ी मदुरै पहुंच जाएगी। वहां मीनाक्षी मंदिर का भ्रमण करने के बाद पर्यटकों को कन्याकुमारी ले जाया जाएगा। वहां पूरा दिन पर्यटन स्थल की सैर होगी। फिर पर्यटक दिल्ली की ओर चल पड़ेंगे।
वापसी में पर्यटक चाहे तो भोपाल, जयपुर एवं अन्य स्थानों पर उतर जाएं। इस पैकेज की कीमत 6,156 रुपये रखी गई है जिसमें आने जाने का किराया, खाना पीना और सर्विस टैक्स भी शामिल है। टिकट के लिए यात्री आईआरसीटीसी डाट सीओ डाट इन पर लाग इन कर सकते हैं अपने ट्रेवल एजेंट से संपर्क कर सकते हैं।
भ्रमण
पैकेज में तिरुपति के बालाजी, सेतु बंध रामेश्वरम और मदुरै के मीनाक्षी मंदिर के दर्शन भी शामिल आईआरसीटीसी की विशेष रेलगाड़ी 5 फरवरी को दिल्ली से होगी रवाना, जयपुर, भोपाल से भी हो सकते हैं सवार