गोवा के समुद्र तट पर मौज मस्ती सभी की चाहत होती है, लेकिन वहां के भारी भरकम खर्च को देखकर आम लोग बिदक जाते हैं। ऐसे लोगों के लिए रेलवे ने महज 7,800 रुपये में एक पैकेज शुरू किया है जिसमें आने-जाने का किराया, वहां होटल में ठहरना, घूमना फिरना और खाने-पीने का खर्च भी शामिल है। इस पैकेज के तहत शुरूआती यात्रा 21 जनवरी 2012 को होगी।
रेल मंत्रालय की कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के उत्तरी क्षेत्र के समूह महाप्रबंधक संजय कुमार जैन ने बिजनेस भास्कर को बताया कि दिल्ली और आसपास के पर्यटकों में गोवा घूमने की कुछ विशेष ही ख्वाहिश देखी गई है। इसी को देखते हुए आईआरसीटीसी ने गोवा पैकेज बनाया है जिसमें बजट, स्टैंडर्ड, कंफर्ट और डीलक्स चार क्लास बनाये गए हैं।
बजट क्लास वाले पर्यटकों को स्लीपर क्लास से गोवा ले जाया जाएगा और वहां भी बजट होटल में ही ठहराया जाएगा। स्टैंडर्ड क्लास वालों की रेलगाड़ी में तो स्लीपर क्लास में सीट होगी, लेकिन गोवा में उन्हें एसी होटल में ठहराया जाएगा। कंफर्ट क्लास वालों को एसी थ्री से ले जाया जाएगा, जबकि वहां भी एसी होटल में ही टिकाया जाएगा।
डीलक्स क्लास वालों को रेलगाड़ी में एसी टू में जबकि गोवा में स्टार होटल में टिकाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पैकेज में दिल्ली से गोवा तक के आने जाने का किराया, हर वक्त का नाश्ता-खाना, गोवा में घूमने के लिए आरामदायक डीलक्स कोच की व्यवस्था, प्रशिक्षित गाइड आदि का शुल्क शामिल है। इस यात्रा के लिए स्पेशल गाड़ी का इंतजाम किया गया है जिसकी पहली यात्रा दिल्ली से 21 जनवरी 2012 को शुरू होगी। आठ दिन और सात रात्रि की यात्रा के बाद यात्री 28 जनवरी को दिल्ली लौट आएंगे।
Related Articles: