3. दस मिनट योग, भगाए रोग
हमें पता है आप बहुत व्यस्त रहते हैं। इतने व्यस्त कि अपनी सेहत का भी ध्यान नहीं रख पाते। फिक्र मत करें। रोज कम से कम 10-15 मिनट तो निकाल लेंगे योग करने के लिए। यकीन मानिए कि अगर आप योग के लिए इतना वक्त भी निकाल लें, तो आप रोगों को दूर भगा सकते हैं। योग में करीब 150 आसन हैं, बेहतर होगा कि आप किसी अनुभवी योग गुरु से बात करने के बाद अपनी जरूरत के मुताबिक आसन करें। अगर आप रोज लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करते हैं तो गर्दन के दर्द से परेशान हो सकते हैं। इससे मुक्ति पाने के लिए आपको भुजंगासन या ताड़ासन करना चाहिए। आपको इन्हें करने से आराम मिलेगा और आप गर्दन के दर्द से बचे रहेंगे। करियर की आपाधापी और डेडलाइन पर काम पूरा करने के दबाव के चलते हम तनाव में रहने लगे हैं। हमें बात-बात पर गुस्सा भी आने लगता है। पर आपको घबराने की जरूरत नहीं है। आप वज्रासन, धनुरासन या शवासन की शुरुआत करें, तो इससे आपको फायदा होगा। आपका मन शांत रहने लगेगा। आपको अपने बॉस का चेहरा या डेडलाइन परेशान नहीं करेगी। आप इन दिनों घर से बाहर का भी बहुत खाना खाने लगे हैं।
व्यायाम का वक्त भी नहीं निकाल पाते। मोटापा भी बढ़ रहा है। कहीं आप दिल के मरीज तो नहीं बन रहे। आपके लिए शवासन रामबाण का काम कर सकता है। हां, आप चक्रासन और धनुरासन भी कर लें तो मोटापे को भी मात दे सकते हैं। कुछ जरूरी बातें और। आप ध्यान रखें कि योग करने से पहले आपका पेट खाली हो। योग के दौरान बातचीत करने से बचें। देर मत कीजिए। योग अपनाएं, रोग दूर भगाएं।
-बी के एस अयंगर/ रामामणि अयंगर मेमोरियल, पुणो