दुनिया के 4 सबसे अच्छे पर्यटन स्थल में एक शहर यह भी

महलों के शहर के नाम से मशहूर मैसूर को न्यूयार्क टाइम्स ने इस साल घूमने के लिये 31 सबसे अच्छे शहरों की सूची में चौथे पायदान पर रखा है। न्यूयार्क टाइम्स ने इसके तेजी से बढ़ते योग केंद्रों का जिक्र किया है, जो सभी की जरूरत बन गई है। इस सूची में भारत के एक और शहर का नाम शामिल है, जो मायानगरी मुंबई है। अखबार ने इसे 13 वें पायदान पर रखा है। गौरतलब है कि श्रीलंका इस सूची में शीर्ष पर है। इसके बाद अर्जेंटीना की एक घाटी पटागोनिया वाइन कंट्री को रखा गया है जबकि तीसरे पायदान पर सोल को रखा गया है।
योग के क्षेत्र में मैसूर की उत्कृष्टता का जिक्र करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है, योग करने की इच्छा रखने वाले लोग इन दिनों मैसूर का रूख कर रहे है, जो दक्षिण भारत में महलों का शहर है। अखबार ने लिखा है कि मैसूर का योग अभी सभी की जरूरत को पूरा करता है। लोग अनुज बंबूज हट या रेगालीस होटल पूल में योग करते हैं, संस्कृत का अध्ययन करते हैं और आयुर्वेद से उपचार कराते हैं या महाराजाओं के महलों में घूमते हैं।








