नैनो कार के बाद टाटा कंपनी ने बनाए डिजाइनर मकान
Source: agency | Last Updated 15:48(06/11/11)
आम लोगों की लिए बेहद सस्ती कार नैनो को पेश करने के बाद अब टाटा कंपनी लोगों के लिए लग्जरी हाउसिंग का सपना साकार करने में जुट गई है। दरअसल टाटा ग्रुप की जानी मानी कंपनी- टाटा हाउसिंग डेवलपमेंट लिमिटेड ने बेंगलुरु में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाउसिंग प्रोजेक्ट- 'द प्रोमोंट' को लांच कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह आवासीय परिसर डिजाइन के लिहाज से बेबीलोन के झूलते बगीचे जैसा आभास देता है।
इस आवासीय परिसर में चार बड़े भव्य टावर बनाए गए है जिनमें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस तीन और चार बेड रुम वाले 320 फ्लैट तथा 2376 वर्ग फुट और 6410 वर्ग फुट वाले पेंट हाउस का निर्माण किया गया है। इनकी डिजाइनिंग दुनिया के जाने माने आर्किटेक्ट मोशे साफदी ने की है।
अपने इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक ब्रोटिन बेनर्जी ने कहा कि इस आवासीय परिसर के जरिए टाटा हाउसिंग ने भारत में विलासितापूर्ण जीवन शैली को एक नया चेहरा देने की कोशिश है। कंपनी का यह नया आवासीय परिसर 14 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसे एक पहाड़ी पर बनाया गया है जहां से पूरे शहर का नजारा आसानी से देखा जा सकता है।