मानें तो भी न मानें तो भी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 14:58(25/01/12)
सोचिए अगर सूरज उगने के बाद ढले ही न, रात का घुप्प अंधेरा जैसा है वैसा ही रह जाए या फिर एक नवजात शिशु नवजात ही रहे.. ये सोच ही अटपटी लगती है। परिवर्तन सृष्टि के कण-कण में बसा है। यदि सवेरा हुआ है, तो सांझ भी होगी, सांझ के बाद सवेरा भी ज़रूर होगा। ये बदलाव अकेला नहीं आता, अपने साथ ढेर सारे अवसर लेकर आता है, जिसके ज़रिए हम अपनी ज़िंदगी में नए-नए रंग भर सकते हैं।
परिवर्तन स्वीकारें
बदलाव एक तरह का अनिवार्य सच है। यही बदलाव हमें आगे की ओर अग्रसर करता है या स्थिर कर देता है। यह दोनों ही विकल्प चुनना न चुनना हमारे ऊपर होता है। यदि हम परिवर्तन स्वीकारते नहीं हैं, तो वहीं रुक जाते हैं। ये थमना ठीक वैसा ही होता है, जैसे तालाब में रुका पानी। यदि हम चाहें, तो बदलाव के साथ प्रवाहित हो सकते हैं। बदलाव की स्थिति देख घबराने से अच्छा है कि उसका सामना करें और अपने हिस्से की सकारात्मकता उसमें से चुनकर रख लें। यक़ीन मानिए परिवर्तन हमारे अंदर नई उर्जा भरने के साथ-साथ हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
अपनी राह, अपनी रोशनी
जो व्यक्ति बदलाव को मुस्कुराकर गले लगा लेते हैं उन्हें सफलता ज़रूर मिलती है। जीवन में कई बार ऐसे पड़ाव आते हैं, जब हमें सब कुछ बुझा-बुझा सा लगने लगता है। हम अपने आपको बहुत असहाय-सा मानने लगते हैं। दरअसल हम असहाय नहीं बल्कि नीरस हो जाते हैं। हमें ज़रूरत होती है कुछ नएपन की, कुछ नए रंगो की, नई राहों की.. ये नए रास्ते हम खुद ही बना सकते हैं। जब हम खुद बदलाव की राह पर निकलते हैं, तो वही पाते हैं जिसकी चाहत होती है। ये नई दिशाएं हमें रोशनी से लबरेज कर देती है।
चुनौतियां अच्छी हैं
अगर हम रोज़-रोज़ एक ही काम करते हैं, तो ऊबने लगते हैं। ज़िंदगी में चुनौतियां बहुत ज़रूरी होती हैं। कभी वे खुद आ जाती हैं, तो कभी हम उन्हें ढूंढ लेते हैं। हर चुनौती हमारी ज़िंदगी को नया-नवेला बना देती है। परिवर्तन भी अपने साथ जहां सकारात्मकता लेकर आता है, तो चुनौतियां भी लाता है। इनसे घबराएं नहीं। जब हम छोटी-छोटी चुनौतियों का सामना करते हैं, तो बड़ी चुनौतियां आने पर उनका सामना आसानी से कर पाते हैं। नई शुरुआत के लिए हमें नए सिरे से सोचने की ज़रूरत होती है। हमारी सोच का बदलाव भी परिवर्तन ही तो है। रोज़ न जाने कितने नए तरीकों से हम सोचते हैं।
विषय को समझाने में परिभाषाएं हमारी मदद करती हैं। ज़िंदगी नाम के विषय को समझने के लिए परिवर्तन नाम की परिभाषा को जान लेना बहुत ज़रूरी है।