घर बैठे बाहर की दुनिया का पूरा हाल, दोस्तों व परिचितों से ढेरों बातें और साथ में कुकिंग, साफ-सफाई, बच्चों को पढ़ाना, घर की देख-रेख सब एक साथ सम्भव है। ये जादुई रूप आपको इंटरनेट दे सकता है।
यदि आप बिना मोबाइल फोन के, घर में बैठ-बैठे अपने नज़दीकियों से बतियाना चाहती हैं, तो इंटरनेट आपकी मदद कर सकता है। आइए समझते हैं किस तरह आप अकाउंट खोल सकती हैं और चैटिंग कर सकती हैं।
क्या है पर्सनल अकाउंट-
जिस तरह बैंक में पैसे जमा करने के लिए एक अकाउंट या खाते की ज़रूरत होती है, उसी तरह इंटरनेट की दुनिया में कुछ भी जमा-खर्च करने के लिए एक अकाउंट की ज़रूरत होती है। कोई भी, कभी भी आसानी से मनचाही वेबसाइट में अपना अकाउंट खोल सकता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। अकाउंट खोल लेने के बाद आप संबंधित वेबसाइट की सारी सुविधाओं का प्रयोग कर सकती हैं।
ऐसे बनाएं अपना पर्सनल अकाउंट?
जीमेल, याहू मैसेंजर, फेसबुक, बिंगो, आइ बिबो, हाइ5, माय स्पेस, रैडिफ, ट्वीटर आदि कुछ ऐसी वेबसाइट हैं, जिनमें अकाउंट खोलना ज़रूरी होता है। अकाउंट खोलने की प्रक्रिया को जीमेल के उदाहरण से समझने की कोशिश करते हैं-
> सबसे पहले यूआरएल में www.gmail.com टाइप करें।
> इसके बाद आपके सामने जी-मेल का पहला पेज खुल जाएगा, जहां ऊपर दाईं ओर लॉग इन करने की जगह होती है। लॉग इन आप तभी कर सकती हैं, जब आपका अकाउंट पहले से हो। इसलिए दाईं और नीचे की तरफ ‘क्रिएट अ न्यू अकाउंट’ (नया अकाउंट खोलने के लिए) लिखा होगा। उस पर क्लिक करें।
> क्लिक करने के बाद एक नया पेज खुलेगा। यहां आपको अपनी जानकारी भरनी होगी जैसे- आपका नाम, आप लॉगइन अकाउंट का नाम क्या चाहती हैं, पासवर्ड, सुरक्षा सम्बंधी सवाल (यदि कभी आप पासवर्ड भूल जाती हैं, तो इस सवाल का जवाब पुन: डालकर आप अपने अकाउंट खोल सकती हैं।) इन सवालों को पूरा करने के बाद नीचे ओके करने से पहले टर्म एंड कंडीशन भी पढ़ लें। इससे आपको जी-मेल की पूरी जानकारी मिल जाएगी।
> इस पृष्ठ को पूरा करने के बाद आपसे अकाउंट की सेफ्टी के लिए आपका मोबाइल नम्बर पूछा जाएगा, जिसपर जी-मेल की तरफ से एक पासवर्ड आएगा, जिसे आपको अगले पृष्ठ पर भरना है। इस पासवर्ड को भरने के बाद ही आप अपने अकाउंट में प्रवेश कर पाएंगी।
इनमें चैटिंग का भी एक विकल्प होता है, वहां अपने दोस्तों और परिचितों का ईमेल आईडी डालकर उनसे चैटिंग की जा सकती हैं।
अकाउंट के बड़े फायदे
इस अकाउंट के ज़रिए आप सात समंदर पास बैठे रिश्तेदार से घंटों बतिया सकती हैं। किसी कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कर सकती हैं। मन की भावनाओं को स्टेटस में डाल सकती हैं। अपनों से जुड़े रहने का, यह एक अच्छा माध्यम है।
सावधानी ज़रूरी है-
> कभी भी अपना पार्सवर्ड साझा न करें। अपनी जन्मतिथि, पालतू जानवर का नाम, अपना घर का नाम या कोई ऐसा पासवर्ड न रखें, जिसका अंदाज़ा कोई भी आसानी से लगा सकता हो। अक्षरों, अंकों और स्पेशल कैरेक्टर से मिलकर बना पासवर्ड एक आदर्श पासवर्ड कहा जाता है।
> चैटिंग और फ्रेंड रिक्वेस्ट के लिए उन्हीं लोगों को जोड़ें, जिन्हें आप जानती हैं। क्योंकि कई बार अनजाने लोग आपको परेशान भी कर सकते हैं।
> यदि गलती से आपने किसी को अपनी फ्रेंड लिस्ट में जोड़ लिया है और वो अब आपको परेशान कर रही/रहा है, तो सैटिंग्स में जाकर आप उसे आसानी से ब्लॉक कर सकती हैं।
> कभी-कभी स्पैम में बेवजह के मेल आ जाते हैं। उन्हें जवाब न देना ही बेहतर होता है।
> कई बार आपके पास भ्रम पैदा करने वाले ई-मेल आ सकते हैं, जिसमें वे आपसे जुड़ी जानारियां मांगे। आप बिना किसी को जाने अपनी जानकारी न दें।
> इंटरनेट पर काम करते-करते न चाहते हुए भी पॉप अप्स व वेबसाइट लिंक्स आ जाते हैं। उनपर क्लिक न करें क्योंकि ये आपके कम्प्यूटर में वायरस छोड़ सकते हैं।
> सबसे ज़रूरी बात, काम पूरा हो जाने पर अकाउंट लॉग आउट करना न भूलें।