बचपन से जिस भाई को जानती हैं आप उसकी पसंद और नापसंद भी आपको ज़रूर मालूम होगी। कुछ भी खरीदते समय ध्यान रखें कि वक्त के साथ भाई की पसंद भी बदली होगी। इसलिए वो लें, जो उन्हें अब पसंद हो।
आधुनिक भाई के लिए
यदि भाई आधुनिक यानि फैशन के अनुसार चलने के शौकीन हैं, तो उन्हें उन्हीं के हिसाब से गिफ्ट देने का मन बनाएं। आप उन्हें फैशन के अनुकूल गॉगल, घड़ी, मोबाइल केस, डियोड्रेंट, परफ्यूम और बेल्ट आदि दे सकती हैं। जब भी ये सामान चुनें, तो भाई द्वारा प्रयोग की जाने वाले सामान को ध्यान में रखें। इससे आपको उनकी पसंद-नापसंद समझ में आ जाएगी।
बड़े भाई, जिन्हें सौम्यता हो पसंद
अब हर किसी को फैशनेबल लुक पसंद नहीं आता और वे साधारण रहना पसंद करते हैं, तो उन्हें गलती से भी कुछ ऐसी चीज़ न दें, जिसका वो प्रयोग ही न करें। उन्हें शर्ट गिफ्ट में देना अच्छा रहेगा। बाÊार में शर्ट्स के कई विकल्प मौजूद हैं। भाई के व्यक्तित्व को ध्यान में रखते हुए एक सोबर-सी शर्ट खरीदकर गिफ्ट करें। इसके साथ-साथ आप उन्हें प्लानर डायरी, दस्तावेज़ों के लिए फाइल, पेन, टाई और कफ लिंक्स भी दे सकती हैं।
पढ़ने वाले भाई के लिए
यदि आपका भाई अभी स्कूल या कॉलेज में है, तो आप उसे ऐसा सामान दें, जो उसके काम आए जैसे रेफ्रैंस बुक, पेन, मनपसंद सीडीज़ या कोई ऐसा गेम जो उसे पसंद हो।
जब भाई शादीशुदा हो
शादीशुदा भाई के लिए आपके पास ढेरों विकल्प हैं। आप चाहें, तो उनके काम से जुड़ा कोई सामान या फिर उनके घर के लिए भी सामान दे सकती हैं। सीडी केस, लैपटॉप केस, ट्रैवलिंग बैग, शर्ट और घड़ी आदि विकल्प हो सकते हैं। आजकल तोहफों को निजी रूप भी दिया जाता है। ऐसी दुकान खोजकर, भाई-बहन की तस्वीर का कीरिंग या फोटोफ्रेम बनवा सकती हैं।
छोटे भाई के लिए
छोटे भाई को खुश करने के लिए आप उसकी मनपसंद गेम्स सीडीज़ और वीडियो गेम्स दे सकती हैं। इसके साथ-साथ शतरंज, टॉय कार, चॉकलेट, और अन्य खिलौने दे सकती हैं।