पायल अग्रवाल (हरियाणा) ने कुकर में केक बनाने की विधि पूछी थी। उनके सवाल का जवाब दे रही हैं, नागपुर की मीनाक्षी एचके सिन्हा।
कुकर में केक बनाने के लिए पहले एक कटोरी में 2 बड़े चम्मच बटर लें। अब उसमें 5 बड़े चम्मच मिल्कमेड डालकर अच्छी तरह फेंट लें। एक छलनी में एक कटोरी मैदा, एक चम्मच बेकिंग पाउडरऔर आधा चम्मच मीठा सोडा डालकर चलाएं। मिश्रण चम्मच के बजाए हाथों से बेहतर मिलेगा और हाथों को एक ही दिशा में चलाएं। अब धीरे-धीरे इस मिश्रण को मिल्कमेड में डालें। लगातार चलाती रहें। बीच-बीच में थोड़ा-थोड़ा दूध भी डालें। जब मिश्रण मिल जाए, तो एक कुकर में 2-3 इंच मोटी रेत की परत डालकर गर्म कर लें। अब तैयार मिश्रण को किसी चिकनाई लगे गहरे बर्तन या टिन की प्लेट में डाल दें। इस पर चैरी और सिल्वर बॉल्स से सजावट कर लें। अब प्लेट को रेत वाले कुकर में बिना सीटी लगाए 40-45 मिनट तक ढककर पकाएं। ठंडा होने पर केक निकाल लें और चॉकलेट सॉस से सजाएं। केक तैयार है।