आपका शारीरिक संतुलन मन व सेहत के बारे में बहुत कुछ बता जाता है। एक छोटा-सा टेस्ट लीजिए और जांचिए।
क्या आपके पैर कांप रहे हैं?
सीधी रेखा पर चलने की मुद्रा में, पैरों को एक के पीछे एक सटाकर खड़ी हो जाएं। पहले पैर की एड़ी दूसरे पैर के अंगूठे से लगी होनी चाहिए। ध्यान रहे कि पैरों के तलवे ज़मीन से लगे हों। दोनों बांहें फैलाइए (चित्र में देखें) और आंखों को बंद कर लीजिए।
यदि आप पूरे 30 सेकेंड तक ऐसे खड़े रह पाती हैं, तो आपका संतुलन अच्छा है और यदि आपके पैर कांपने लगते हैं, तो समझ जाइए कि आपका शारीरिक संतुलन ठीक नहीं है।
क्या है इसका मतलब?
इस कंपकंपाहट का मतलब शरीर या मन या दोनों से ही जुड़ी किसी विषमता से हो सकता है। जीवन से संतुलन का जाना भी मन व शरीर दोनों को प्रभावित करता है। इससे रिश्ते, जीवनशैली, नतीजतन सेहत व मन भी असंतुलन का शिकार बनते जाते हैं।
ऐसे बढ़ाएं संतुलन शक्ति..
ये तो हुआ टेस्ट, जिसके माध्यम से आपने अपने शरीर का संतुलन आंका। अब उन अहम चीज़ों को देखते हैं, जिनके माध्यम से आप खोया हुआ संतुलन पुन: पा सकती हैं।
फोम रोलर
संतुलन बढ़ाने की एक्सरसाइज़ के लिए फोम रोलर अच्छा ऑप्शन है। बाज़ार में दो तरह के फोम रोलर उपलब्ध होते हैं। पहला 1/2 सिलेंडर, जो शुरुआत में सीखने के लिए और दूसरा सीखने के बाद के प्रयासों के लिए होता है। रोलर का नियमित प्रयोग आपके संतुलन पर असर डालेगा। इसे आप काफी तरीकों से प्रयोग कर सकती हैं। जैसे पैरों के नीचे, कमर के नीच, हाथों के नीचे आदि।
तलवों पर खड़ा होना
पैर और तलवे हमारे शरीर का महत्वपूर्ण भाग हैं। पैरों के ज़रिए आप अपने शरीर के संतुलन को काफी हद तक बढ़ा सकती हैं। पैरों को मिलाकर तलवों के बल खड़े हो जाइए। पहले कम समय के लिए और फिर धीरे-धीरे इसका समय बढ़ा दें।
एक पैर पर खड़ा होना
हमारे पूरे शरीर का भार पैरों पर ही होता है इसलिए पैरों से जुड़ी एक्सरसाइज़ संतुलन के लिए उपयोगी होती है। किसी चीज़ का सहारा लेकर आप एक पैर पर संतुलित रहने की कोशिश करें। शुरुआत में आप कुर्सी, दीवार आदि के सहारे से यह एक्सरसाइज़ करें फिर बिना सहारे के करने की कोशिश करें।
आंखें बंद करना
आंखों को बंद कर भीतर की शांति को महसूस करें। शुरू-शुरू में मन चंचल होने के कारण ज्यादा देर तक आंखें बंद नहीं कर पाएंगी, थोड़ी मुश्किल होगी। इसी चंचलता को दूर करें, आंखें बंद कर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करें। मन संतुलित होगा, तो बाकी सारी चीज़ें भी आसानी से संतुलित हो जाएंगी।
बॉसू बॉल
बनावट के कारण बॉसू बॉल संतुलन क्षमता बढ़ाने के लिए उपयोगी है। इससे आप कई तरह के व्यायाम जैसे पैरों, फेफडों, पुश अप्स आदि कर सकती हैं।
वूबल बोर्ड
वूबल बॉर्ड यह एक तरह का तख्ता है। इसकी बनावट सी-सॉ खेल की तरह है। सी-सॉ की तरह इसपर आपको खड़े होकर अपना संतुलन बनाना है। ध्यान रहे बोर्ड की किनारियां ज़मीन से लगने न पाएं, आपको बीच में खुद को संतुलित रखना है।