फर्ज कीजिए आप घर पर अकेली हैं और देर रात गए इलेक्ट्रिक फ्यूज खराब हो जाए.. या आप कार से कहीं जा रही हैं और रास्ते में टायर पंचर हो जाए, तो आप क्या करेंगी?
ऐसी किसी स्थिति से सामना होने पर ज्यादातर महिलाओं के पास केवल एक ही रास्ता बचता है और वह है किसी को फोन कर मदद के लिए बुलाना। नतीजतन, मदद मिलने तक उन्हें परेशान होना पड़ता है और चाहकर भी वे कुछ नहीं कर पातीं।
सच तो यह है कि घर और बाहर की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने वाली आधुनिक महिलाएं आज भी अपने कई छोटे-छोटे कामों के लिए दूसरों पर निर्भर हैं। जबकि इनमें कई ऐसे काम भी हैं, जिन्हें सीखना हर महिला के लिए जरूरी है और बेहद आसान भी। वैसे अभी भी देर नहीं हुई है, अपनी तैयारी शुरू कर दीजिए। जानिए आपको क्या और कैसे करना है-
कार का टायर खुद बदलें
आप ड्राइव कर किसी ऐसे रास्ते से जा रही हैं, जहां दूर-दूर तक मोटर मेकैनिक नहीं मिलने वाला और बीच रास्ते में आपकी कार का टायर पंचर हो जाता है। अब क्या करेंगी आप? इस बात को समझिए कि सिर्फ ड्राइविंग आना काफी नहीं है, इसलिए पंचर टायर को बदलने के तरीके के बारे में भी जान लें। और हां! स्टेपनी, जैक, स्क्रू खोलने वाले पाने और कार की मैनुअल बुक हमेशा कार में रखें। मौका पड़ने पर काम आएंगे।
गैजेट्स को जानें
आपके पास एक उच्च तकनीक वाला मोबाइल, डिजिटल कैमरा या लैपटॉप है, लेकिन क्या फायदा यदि आपको इन गैजेट्स में दी गई सुविधाओं के बारे में ही न पता हो। इसलिए कोई भी नया गैजेट लाने के बाद उसके साथ मिली मैमो बुक को ध्यान से पढ़ें और उसमें दिए गए निर्देशों पर अमल करें या इन्हें खरीदते वक्त आप दुकानदार से भी इस्तेमाल का सही तरीका बताने को कह सकती हैं। इस तरह आप इन सुविधाओं का लाभ भी उठा सकेंगी और आधुनिक तकनीक को भी जान पाएंगी। इसके अलावा जब आपके सामने कोई इस बारे में बात करेगा, तो आपको चुप भी नहीं बैठना पड़ेगा।
वित्तीय मामलों की जानकारी
रुपयों के सही प्रबंधन के लिए आमदनी और खर्च के बीच सही तालमेल होना जरूरी है। यदि आप बेवजह हो रहे खर्च को नियंत्रित करना चाहती हैं, तो घर खर्च की बागडोर खुद ही सम्भालनी होगी। पॉलिसी प्रीमियम, बिजली, फोन, गैस आदि के भुगतान के लिए किसी दूसरे पर निर्भर होने के बजाय खुद जिम्मेदारियां लें। बैंक से जुड़े काम भी स्वयं करें। आज बाजार में निवेश के कई नए और विश्वसनीय विकल्प मौजूद हैं, जो आपको बेहतर लाभ दे सकते हैं। विशेषज्ञ से बात कर और परिवार के सदस्यों से सलाह मश्वरा करने के बाद आप इनका भी लाभ ले सकती हैं।
छोटी-छोटी मरम्मत
घर में बिजली या पानी से जुड़ी कोई भी समस्या हो, तो फोन के नम्बर डायल करते ही मेकैनिक आ जाता है और आपकी परेशानी खत्म हो जाती है। लेकिन इन कामों के बारे में आपको भी पता होना चाहिए। कम से कम फ्यूज ठीक करना या नल का वॉशर बदलना तो आपको आना ही चाहिए। घर में एक टूलकिट बॉक्स रखें, जिसमें प्लास, स्क्रू ड्राइवर, पाने, आदि व्यवस्थित रखे हों। साथ ही कुछ कीलें और प्लास्टिक का वॉशर भी रखें। यदि आपको ये काम करने नहीं आते, तो अपने पिता, भाई या पति की मदद से इन्हें सीख सकती हैं।
आपातकालीन स्थितियां
खेल-खेल में बच्चे को चोट लग जाए या रसोई में पूरियां तलते वक्त आपका हाथ जल जाए.. ऐसी कई मुसीबतें कभी भी खड़ी हो जाती हैं। इनसे निपटने के लिए घर में एक फस्र्ट एड बॉक्स रखें। समय-समय पर इसमें रखी चीजों की पूर्ति करें और एक्सपायर हो चुकी दवाइयों को बदलती रहें। कुछ प्राथमिक उपचार जैसे नाक से खून आने पर, जल जाने पर, कट जाने पर खून बंद न होने पर, क्या करना होगा.. इस बारे में जान लें। पट्टी बांधने का सही तरीका भी सीखें।
और हां!
बैग में हमेशा एक छोटा-सा वॉलेट रखें, जिसमें रुपयों के साथ-साथ डेबिट, क्रेडिट कार्ड के साथ मेडिकल पॉलिसी का कार्ड रखें। बहुत सारा सामान भरने के बजाय सिर्फ जरूरत ही चीजें ही बैग में रखें। इससे आपको सहूलियत रहेगी।