सब तुम्हें नहीं कर सकते प्यार
Source: कुमार अंबुज | Last Updated 00:09(03/07/11)
यह मुमकिन ही नहीं कि सब तुम्हें करें प्यार
यह तुम बार-बार नाक सिकोड़ते हो
और माथे पर जो बल आते हैं
हो सकता है किसी एक को इस पर आए प्यार
लेकिन इसी वजह से कई लोग चले जाएंगे तुमसे दूर
सड़क पार करने की घबराहट खाना खाने में जल्दबाजी
या ज़रा-सी बात पर उदास होने की आदत
कई लोगों को तुम्हें प्यार करने से रोक ही देगी
फिर किसी को पसंद नहीं आएगी तुम्हारी चाल
किसी को आंख में आंख डालकर बात करना गुज़रेगा नागवार
चलते-चलते रुककर इमली का पेड़ देखना
एक बार फिर तुम्हारे खि़लाफ जाएगा
फिर भी यदि तुमसे बहुत-से लोग एक साथ कहें
कि वे सब तुमको करते हैं प्यार तो रुको और सोचो
यह बात जीवन की साधारणता के विरोध में है
यह होगा ही कि तुम धीरे-धीरे अपनी तरह का जीवन जिओगे
और अपने प्यार करनेवालों को
अजीब मुश्किल में डालते चले जाओगे
जो उन्नीस सौ चौहत्तर में, उन्नीस सौ नवासी में
और दो हजार पांच में करते थे तुमसे प्यार
तुम्हारी जड़ों में देते थे पानी
और कुछ जगह छोड़कर खड़े होते थे कि तुम्हें मिले प्रकाश
वे भी एक दिन इसलिए जा सकते हैं दूर कि अब
तुम्हारे जीवन की परछाईं उनकी जगह तक पहुंचती है
तुम्हारे पक्ष में सिर्फ यही बात हो सकती है
कि कुछ लोग तुम्हारे खुरदरेपन की वज़ह से भी
करने लगते हैं तुम्हें प्यार
जीवन में उस रंगीन चिड़िया की तरफ देखो
जो किसी का मन मोह लेती है
और ठीक उसी वक्त एक दूसरा उसे देखता है
शिकार की तरह।
सबसे बड़ी मुश्किल
जीवन के सामने
सबसे बड़ी मुश्किल यह है
कि उम्मीद का
कोई विकल्प नहीं
मृत्यु भी नहीं।