मूल बातों पर अमल कर बचें गलतियों से
एन. रघुरामन
| Jul 17, 2012, 09:29AM IST

जापान में ट्रेन के किसी भी सिग्नल पर पहुंचने पर उसका ड्राइवर अपना हाथ उठाकर सिग्नल की ओर इशारा करता है और जोर से बोलता है कि सिग्नल लाल है या हरा। वह सिग्नल के रंग के बारे में खुद को जोर-से बोलकर सुनाता है और अपनी उंगली से इसकी ओर इशारा भी करता है। ऐसा करते हुए ड्राइवर यह सुनिश्चित करता है कि उसने सिग्नल की गलत पहचान नहीं की है। जापानी भाषा में इस विधि को 'शिसा कांको' कहते हैं। इसे अपनाने से मानवीय चूक के चलते होने वाली दुर्घटनाओं की दर तीन फीसदी से गिरकर एक फीसदी तक आ गई है।
मैंने इसके बारे में १९८५ में द जापान टाइम्स के एक अंक में पढ़ा था और तबसे ही मैं अपने बैंक लॉकर को ऑपरेट करते समय इसका इस्तेमाल करता चला आ रहा हूं। बैंक लॉकर को ऑपरेट करने के बाद वहां से निकलने पर अक्सर मेरे दिमाग में यह शंका उभरने लगती कि 'क्या मैंने तमाम जेवरात वापस लॉकर में रख दिए हैं?', 'क्या मैंने लॉकर को ढंग से लॉक कर दिया है?' इत्यादि-इत्यादि। ऐसी शंकाओं से बचने के लिए मैं खुद से जोर से कहता हूं कि मैंने तमाम चीजें वापस लॉकर में रख दी हैं और इसे समुचित रूप से बंद भी कर दिया है। वैसे भी लॉकर रूम में उस वक्त लॉकर मालिक के अलावा कोई नहीं रहता।
हम में से कई लोगों को किसी फैमिली फंक्शन के लिए घर से निकलने के बाद इस तरह की चिंताएं सताने लगती हैं कि क्या हमने नल की टोंटी खुली तो नहीं छोड़ दी, हम मास्टर बेडरूम की लाइट-पंखे वगैरह स्विच ऑफ करके आए हैं या नहीं, या फिर कहीं हम घर की चाभी तो नहीं भूल आए। ऐसा ख्याल मन में आते ही हम अपनी जेब या बटुआ टटोलने लगते हैं और चाभियां मिल जाने पर राहत की सांस लेते हैं।
मेरे कई दोस्त भी इस 'शिसा कांको' तकनीक को अपनाने लगे हैं, जिससे उन्हें अब अपने घर से या लॉकर ऑपरेट कर बैंक से निकलने के बाद इस तरह की शंकाएं नहीं घेरतीं।
तकनीक इस तरह की घटनाओं को रोकने का एक तरीका हो सकती है, लेकिन ऑपरेटिंग टेक्नोलॉजी में इंसानी दखल जरूरी हो जाता है, ताकि थकान या उदासीनता के चलते किसी तरह की चूक या लापरवाही आपके समक्ष तुरंत उजागर हो सके।
मैनेजमेंट फंडा एन. रघुरामन
फंडा यह है कि... raghu@bhaskarnet.com
इस तरह की कुछ मूल बातों को अमल में लाते हुए हम मानवीय चूक या लापरवाही के चलते होने वाली दुर्घटनाओं से बच सकते हैं। हमें यह नहीं समझना चाहिए कि ऐसा करने से हमारी गरिमा को ठेस पहुंचेगी।






