हेल्थ बुलेटिन

नमक से कैंसर का भी खतरा
ज्यादा नमक के सेवन से हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी के खतरों के बारे में तो आपने सुना होगा, लेकिन ज्यादा नमक से एक खतरा और भी है। अगर खाने में नमक की मात्रा ज्यादा है तो आप शायद कैंसर को भी बुलावा दे रहे हैं। वर्ल्ड कैंसर रिसर्च फंड (डब्लूसीआरएफ) ने ज्यादा नमक के नए खतरे को उजागर किया है। उसके मुताबिक लोग रोज औसतन 8.6 ग्राम नमक खाते हैं, जबकि एक आदमी को 6 ग्राम यानी एक टी-स्पून से ज्यादा नमक नहीं खाना चाहिए। अगर एक दिन में 6 ग्राम नमक की सीमा को ध्यान में रखा जाए तो पेट के कैंसर के 14 फीसदी मामले कम हो सकते हैं। डब्लूसीआरएफ के मुताबिक अगर खाने में ब्रेड और ज्यादा नमक वाली चीजों को कम करके फलों और सब्जियों का सेवन बढ़ा दिया जाए तो पेट के कैंसर का खतरा कम हो जाता है।
आंखें बंद कर बढ़ाएं याददाश्त!
आपको लगता है कि याददाश्त कमजोर होती जा रही है और कोई खास बात, दिमाग पर बार-बार जोर डालने के बाद भी याद नहीं आ रही? सिर्फ 10 मिनट के लिए आखें बंद कीजिए और देखिए आपको भूली हुई बात याद आ जाएगी। एडिनबरा यूनिवर्सिटी में इस तथ्य की सच्चई जानने के लिए कुछ लोगों पर एक स्टडी की गई। महिलाआंे और पुरुषों को उन दो कहानियों को याद करने के लिए कहा गया, जो उन्होंने पहले सुन रखीं थी। एक कहानी याद करने के बाद, उन्हें कमरे में लाइट बंद करके 10 मिनट आंखें बंद करके आराम करने के लिए कहा गया। इसके बाद वे दूसरी कहानी के तथ्यों को अच्छी तरह याद कर पाए। रिसर्चर कहते हैं कि यह साबित हो चुका है दिमाग को कुछ देर आराम देने से न केवल हमारी याददाश्त बढ़ जाती है, बल्कि भूली हुई बातें भी हम आसानी से याद कर पाते हैं।
एनर्जी ड्रिंक वाकई बढ़ाते हैं एनर्जी!
एनर्जी ड्रिंक खरीदते समय आप क्या ध्यान में रखते हैं? कहीं आप विज्ञापनों में सिर्फ उन सैलिब्रिटीज को देखकर ही तो एनर्जी ड्रिंक नहीं खरीदते, जो उसे पीकर तुरंत ‘चमत्कारिक’ चुस्ती-फुर्ती दिखाते हैं। दरअसल एक स्टडी से पता चला है कि ज्यादातर एनर्जी ड्रिंक सिर्फ सैलिब्रिटीज से विज्ञापन करवाकर बेचे जाते हैं। ये ड्रिंक सेहत के लिए वाकई फायदेमंद है या नहीं, इसका कोई वज्ञानिक प्रमाण नहीं होता।
रिसर्चर ने अमेरिका और इंग्लैंड की टॉप मैगजीनों में स्पोर्ट्स प्रोडक्ट के 235 विज्ञापन देखें, जिनमें से 54 में इनका इस्तेमाल करने वाले लोगों की परफॉर्मेस में सुधार का दावा किया गया था। लेकिन 3 प्रोडक्ट ही ऐसे निकले, जिन्होंने अपने दावे को पुख्ता करने के लिए कोई वैज्ञानिक तथ्य पेश किए। जबकि ज्यादातर कंपनियां अपने प्रोडक्ट सिर्फ बड़ी -बड़ी सैलिब्रिटीज से विज्ञापन करवा कर बेच रही हैं। इनमें एनर्जी ड्रिंक के अलावा, ओरल सह्रिश्वलमेंट्स और फिटेनस प्रोडक्ट भी शामिल हैं।
बच्चों के लिए भी मोटापा खतरनाक
मोटापा सिर्फ वयस्कों या उम्रदराज लोगों के लिए ही जानलेवा नहीं है, बल्कि बच्चों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। बहुत मोटे बच्चों को दिल की बीमारी का भी खतरा रहता है। 307 बच्चों पर की गई स्टडी में 2 से 12 साल उम्र के बच्चों में भी मोटापे की वजह से हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण देखे गए, जो दिल की बीमारी का अहम लक्षण है। कुछ मोटे बच्चों में हाई ब्लड प्रेशर के अलावा, लो ब्लड प्रेशर के लक्षण भी मिले और कई बच्चों में अच्छे कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बहुत कम पाई गई। मोटे बच्चों में डायबिटीज भी पाई गई। डॉक्टरों का कहना है कि संतुलित खान-पान से बच्चों को मोटापे से बचाया जा सकता है।






