लांघ गए नियाग्रा..!
नन्हा खबरी
| Jul 06, 2012, 09:30AM IST

दुनिया साहसी लोगों से भरी है, यह कहना गलत नहीं होगा। इसकी बानगी कनाडा में देखने को मिली। जब किसी ने नियाग्रा जल प्रपात को लांघा। ये कारनामा किया है निक वॉलेंडा ने। दुनिया के सबसे बड़े जल प्रपातों में गिने जाने वाले नियाग्रा को तार पर चलकर पार किया। आपको बता दें कि यह जल प्रपात अमेरिका और कनाडा को जोड़ता है। इसे दूर से देखकर ऐसा लगता है जैसे कई झरने आपस में होड़ लगाए बैठे हों, कि कौन सबसे तेज है।
निक ने इस खतरनाक कारनामे को 45 मिनट में अंजाम दिया। बकौल निक साहसी काम करने के लिए लोगों की दुआओं के साथ एकाग्रता, ध्यान और प्रशिक्षण की आवश्यकता पड़ती है।
176 फीट ऊंचाई पर 33 साल के वॉलेंडा
वैसे तो वॉलेंडा के परिवार में कई पीढ़ियों से रस्सी पर चलने का चलन रहा है। परिवार के दो सदस्यों को इस तरह के कारनामे करते हुए अपनी जान भी गंवानी पड़ी, जिनमें 1978 में निक वॉलेडा के दादा की मौत भी शामिल है। वहीं निक भी काफी समय से स्टंट कर रहे हैं, पर नियाग्रा को लांघने का स्टंट करना उनके लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा ही है। नियाग्रा जल प्रपात की ऊंचाई करीब 176 फीट है और चौड़ाई करीब 1800 फीट। 33 साल के वॉलेंडा ने इस के बाद प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया।
सवा लाख लोगों ने देखा ये नजारा
नियाग्रा जल प्रपात कनाडा के ओंटारिया प्रांत और न्यूयॉर्क के अंतरराष्ट्रीय सीमा के बीच में बहता है। निक को यह कारनामा करते हुए कनाडा के लगभग 125,000 लोगों ने तथा न्यूयॉर्क के ७क्,000 लोगों ने देखा। जैसे ही निक ने स्टंट पूरा किया तो बॉर्डर के दोनों तरफ एक उत्साह का माहौल बन गया।
2 इंच चौड़े स्टील के तार पर करतब
कसे हुए तार पर चलकर छह मर्तबा गिनीÊा बुक में अपना नाम दर्ज करवा चुके निक ने नियाग्रा पार करने का कारनामा 2 इंच के चौड़े स्टील के तार पर करके दिखाया। इस तार से जुड़ी एक जैकेट भी निक को पहननी पड़ी थी, ताकि इस स्टंट के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो जाए। पहले निक इस जैकेट को पहनने के लिए तैयार नहीं थे, फिर काफी समझाने के बाद तैयार हो गए।
नियाग्रा पार करने वाले पहले शख्स
लगभग सौ साल में ये पहला मौका है जब किसी व्यक्ति ने झरनों के इस झुरमुट को तार पर चल कर पार किया है। निक केबल पर 1800 फीट चलकर अमेरिका से कनाडा पहुंचने वाले पहले शख़्स बने। दूसरे छोर पर स्थित कनाडा पहुंचने पर जहां लोगों ने उत्साह से उनका स्वागत किया वहीं निक ने अपना अमेरिकी पासपोर्ट दिखाया।
गिनीज बुक में नाम दर्ज
इस कारनामे को करने के बाद तो निक का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होना लाÊिामी है। पर जानते हैं इनका नाम पहले से ही छह बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। ये रिकॉर्ड है टाइटरोप पर चलने का। कसे तार पर चलकर ऊंची बिल्डिंगों को पार करना निक के बाएं हाथ का खेल जैसा ही है।
क्या था खतरा
2 लाख क्यूबिक फीट पानी टकराता है प्रति सेकंड नियाग्रा के किनारे पर
70 मील प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से गिरता है नियाग्रा नदी से पानी
40 मिनट के इस सफर में निक का सामना था बहुत तेज हवा से।
वॉलेंडा वाणी
रस्सी पर चढ़ते वक्त ‘निक’ - हे भगवान यह शानदार है। सिर्फ मानसिक रूप से ही नहीं, शारीरिक तौर पर भी यह चुनौती है। हवा से लड़ना कोई आसान काम नहीं। मेरे हाथ सुन्न पड़ रहे हैं।
हौसला बढ़ाते हुए ‘निक के पिता’- तुम अच्छा कर रहे हो, आराम से चलो।
करतब करने के बाद ‘निक’- जब मैं बीच में पहुंचा तो बहुत बुरा लग रहा था। बहुत तेज हवाएं थीं, हर मिनट, हर कदम कीमती था। मैंने हर मिनट, हर पल को महसूस किया और उसका मजा लिया।
ख्वाहिश ‘निक’ की- अब ग्रैंड कैनियन को पार करना चाहता हूं, जो नियाग्रा से तीन गुना बड़ा है। वैसे इस स्टंट को करने की अनुमति तो मिल गई है। आने वाले तीन से पांच सालों के भीतर इस कारनामे को भी मैं कर डालूंगा।






