अत्यंत जहरीले माने जाने वाले कोबरा सांपों में अफ्रीका में मिलने वाले थूकने वाले कोबरा सबसे भयानक माने जाते हैं। हालांकि समूचे अफ्रीका में कोबरा बड़ी संख्या में पाए जाते हैं और सभी बेहद जहरीले भी होते हैं, लेकिन थूकने वाले कोबरा सबसे ज्यादा खतरनाक होते हैं। काले रंग के थूकने वाले कोबरा की लंबाई पांच फीट तक हो सकती है।
खतरा महसूस करने पर या इसे उत्तेजित करने पर यह अपना सिर ऊपर की ओर उठाकर अपना फन फैला लेते हैं और अपनी सुरक्षा का अचूक हथियार अपनाते हुए अचानक बड़ी फुर्ती से शत्रु की आंखों में अपने बेहद घातक और शक्तिशाली विष की दो बौछारें फेंक देते हैं। विष की यह बौछार कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह विष की बौछार से 8 फीट की दूरी से भी अपने दुश्मन पर अचूक प्रहार करने में सक्षम होता है। इसका विष इसके विषदंत के किनारे पर स्थित दो छोटे छिद्रों से निकलता है और यह विष इतना घातक होता है कि मात्र एक ग्राम विष ही 160-170 वयस्क व्यक्तियों को पलभर में ही मौत की नींद सुला देने के लिए पर्याप्तहोता है। छोटे स्तनधारी, पक्षी, छिपकली, अण्डे आदि थूकने वाले कोबरा का पसंदीदा भोजन हैं।
अहा! ज़िंदगी के जनवरी अंक से साभार