आतंकी अफजल गुरु को फांसी के बाद मुंबई में सतर्कता बढ़ी

मुंबई. आतंकी अफजल गरू को फांसी के बाद मुंबई पुलिस ने महानगर में एलर्ट जारी किया है। संवेदनशील व मुंबई के महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
सभी स्थानीय पुलिस स्टेशनों को अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन व मुंबई के अन्य अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाके में क्विक रिसपांस टीम, दंगा नियंत्रण बल व बम निरोधक दस्ते से जुड़े लोगों को तैनात किया गया है।
सभी डीसीपी को अपने क्षेत्र से बाहर न जाने के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। यह जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कानून व सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए महानगर में एलर्ट जारी किया गया है और एहतियात के तौर पर कई ठोस कदम उठाए गए हैं। कहीं किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा गया है।
अल्पसंख्यक बहुल इलाकों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं व जगह-जगह क्विक रिस्पांस टीम व दंगा नियंत्रण दल के जवानों को तैनात किया है।
अगले निर्देश आने तक सभी डीसीपी को अपने क्षेत्र से बाहर न जाने की बात कही गई है। साथ ही सभी लोकल ट्रेन के स्टेशनों में सुरक्षा बंदोबस्त बढ़ा दिए गए हैं।







