मुंबई. बॉलीवुड के अभिनेता सलमान खान पर लॉरेंस फाल्कन (65) नामक मछुआरे के परिवार ने धमकी देने का आरोप लगाया है।
मछुआरे के परिवार का आरोप है कि उनकी शिकायत के बावजूद स्थानीय बांद्रा पुलिस न तो उन्हें सुरक्षा दे रही है, न ही सलमान के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
अभिनेता सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत करने वाले मछुआरों में से एक लॉरेंस फाल्कन पिछले 40 वर्षो से बांद्रा के चिंबई इलाके में स्थित उस गैलेक्सी अपार्टमेंट में लिफ्टमैन का काम करता है। जिसमें बॉलीवुड के ‘दबंग’ अभिनेता सलमान खान का भी घर है।
लॉरेंस का आरोप है कि सलमान खान ने उसे पिछले महीने बुलाकर अपनी बात मनवाने के लिए पैसे देने की पेशकश की। इसके साथ ही धमकी दी कि यदि उसने उनकी बात नहीं मानी, तो वे उसे लिफ्टमैन की नौकरी से निकाल देंगे।
पुलिस मामला दर्ज कर करे कार्रवाई : भाजपा
सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड द्वारा मुंबई के मूलनिवासी माने जाने वाले मछुआरे के परिवार को धमकी दिये जाने की खबर लगने पर भाजपा विधान परिषद सदस्य आशिष शेलार ने पुलिस से मामला दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने मछुआरे के परिवार की शिकायत पर अमल नहीं किया, तो वे मोर्चा निकालेंगे।
इस तरह शुरू हुई तकरार :
जानकार सूत्रों का कहना है कि अभिनेता सलमान खान ने 2011 में चिंबई (बांद्रा-पश्चिम) इलाके में समुद्र के सामने की दिशा वाले दो कॉटेज खरीदा। बताया जाता है कि इस कॉटेज के करीब से मछुआरों की नौका का आवागमन होता है।
इसके अलावा वे कॉटेज के करीब अपनी नौकाओं को खड़ा भी करते हैं और वहां अपनी जाल भी सूखने के लिए बिछाते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सलमान खान को इस पर आपत्ति है। और वे चाहते हैं कि मछुआरे उनके कॉटेज के पास अपनी गतिविधि बंद करें।
आगे पढ़िए, सलमान से जुड़े विवादों का पूरा सच
और पढ़ें, ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता स्पीलबर्ग ने मुंबई में की एक ख़ास घोषणा