बम धमाकों की धमक : दक्षिण से आने वाली हर ट्रेन की हो रही तलाशी

नागपुर. हैदराबाद के दिलसुख नगर की घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया। इस घटना के बाद दूसरे शहरों की तरह नागपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गुरुवार देर रात तक पुलिस के विभिन्न विभाग जांच अभियान में जुटे रहे। शुक्रवार को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने शहर के पंचशील चौक, दीक्षाभूमि, रेलवे स्टेशन, बस अड्डïे तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर जांच की। बम निरोधक दस्ते ने अलग-अलग स्थानों पर जांच पड़ताल की।
शुक्रवार को बम निरोधक दस्ते ने शहर के सदर इलाके में पहुंचा। वहां पर कुछ संवेदनशील स्थानों पर खोजबीन की। उसके बाद सिविल लाइंस क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया गया।
सूत्रों ने बताया कि दस्ते ने यहां पर कई प्राचीन इमारतों व धार्मिक स्थलों के आस-पास जांच पड़ताल की। उसके बाद दस्ते ने सीताबर्डी, गांधीबाग, इतवारी, मस्कासाथ हंसापुरी, गणेशपेठ क्षेत्र में घूम-घूम कर जांच की। दस्ते ने गणेशपेठ में बस स्टैंड व आस-पास के इलाकों में जांच की, जहां दोपहर से शाम तक अक्सर भीड़ होती है।
बम निरोधक विभाग ने बताया कि हैदराबाद के दिलसुख नगर में बम विस्फोट की घटना के बाद शहर में जांच का आदेश दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते के अधिकारी और कर्मचारी तब से अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चला रहे हैं।
इस अभियान के अंतर्गत बम निरोधक विभाग के अधिकारी व कर्मचारी परिसर के नागरिकों को सावधानी बरतने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं।







