नागपुर. शहर के बदलते स्वरूप व यातायात की सुविधा के मद्देनजर रेलवे व मनपा स्टेशन के पूर्वी द्वार व संतरा मार्केट के विकास के लिए संयुक्त रूप से योजना बना रहे हैं। इसके तहत रेलवे ने इंसेप्शनल रिपोर्ट भी तैयार कर ली है। वहीं मनपा संतरा मार्केट को व्यवसायिक रूप से उपयोग करते हुए यहां यात्री सुविधा से संबंद्ध निर्माण पर विचार कर रही है।
गौरतलब है कि मध्य रेलवे मंडल वर्ल्ड क्लास स्टेशन के लिए पूर्वी द्वार की ओर विकास कार्य करेगा। इस ओर रेलवे की 1.50 लाख स्क्वेयर मीटर जगह उपलब्ध है, वहीं रेलवे महाराष्ट्र राज्यमार्ग परिवहन महामंडल के विभागीय कार्यालय की जमीन हासिल करने भी प्रयास कर रहा है। पूर्वी द्वार पर रेलवे को विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मनपा का सहयोग आवश्यक होगा।
मध्य रेल मंडल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसमें कई कार्यो में मनपा की स्वीकृति आवश्यक होगी। संतरा मार्केट से कॉटन मार्केट तक फीडर रोड पर यातायात काफी बढ़ गया है। व्यवसायिक व आवासीय निर्माण में इजाफे के बाद इस सड़क पर यातायात में भारी वृद्धि हुई है। पहले 9 मीटर चौड़ी रही सड़क को बाद में 24 मीटर तक चौड़ा किया गया, लेकिन यह बौनी ही बनी हुई है।
रेलवे भी अपनी जमीन का व्यवसायिक उपयोग कर सकती है। निजी भागीदारी के साथ कई योजनाएं बन सकती हैं। इनमें यात्री निवास की संभावना भी शामिल हैं। इस संबंध में मनपा आयुक्त संजीव जैसवाल से सोमवार को दूरभाष पर संपर्क किया गया, जिस पर उन्होंने कहा कि संतरा मार्केट के विकास के संबंध में कुछ योजना तो है, किंतु फिलहाल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाएगी। रेलवे के साथ चर्चा हुई है।