ठाकरे के भव्य स्मारक का रास्ता साफ़, होगा निर्माण का काम!

नागपुर. शिवसेना सुप्रीमो बालासाहब ठाकरे का भव्य स्मारक नागपुर में बनाये जाने को मनपा सभागृह ने हरी झंडी प्रदान कर दी है। फिलहाल जगह को लेकर विवाद कायम है।
आगामी कुछ दिनों में सभी दल मिलकर इस पर फैसला लेंगे। गुरुवार को मनपा की विशेष सभा में शिवसेना सुप्रीमो बालासाहब ठाकरे को श्रद्घांजलि दी गई। तत्पश्चात राकांपा पक्षनेता दुनेश्वर पेठे ने बाल ठाकरे के निधन पर सभा स्थगित करने की मांग की।
कांग्रेस व विरोधी पक्षनेता विकास ठाकरे ने भी श्री ठाकरे के प्रति सम्मान जताते हुए सभा स्थगित करने की मांग की। शिवसेना गटनेता बंडु तलवेकर ने सभा स्थगित करने की मांग की, लेकिन बाल ठाकरे की स्मृति में पहले स्मारक बनाने की घोषणा की।
अलका दलाल ने उक्त मांग का समर्थन किया। महापौर प्रा. अनिल सोले ने सभा स्थगित करने की मांग को खारिज करते हुए कहा कि बालासाहब के लिए सच्ची श्रद्घांजलि जनहित में काम करना होगा। महानगरपालिका उनकी स्मृति में भव्य स्मारक बनायेगी।
इसलिए सभा स्थगित करने का कोई कारण नहीं दिखता। सभा के पश्चात संवाददाताओं से बात करते हुए महापौर श्री सोले ने कहा कि फिलहाल जगह का चयन नहीं किया गया है। कोई विवाद न हो, इसलिए आगामी दिनों में मिल कर इस पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि दिवंगत नेता व शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे के निधन के बाद शिवसेना ने पार्टी कार्यालय के बाहर रेशमबाग चौक पर श्री ठाकरे की स्मृति में स्मारक बनाने की मांग की थी। सभी शिवसेना नेताओं ने इस पर समर्थन जताया था। फिलहाल सत्तापक्ष इस मांग को लेकर एकमत नहीं है। जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है।






