मुंबई.शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे ने अपने अखबार दोपहर का सामना के संपादकीय के जरिए शाहरुख खान और कांग्रेस पर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का अपमान करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
संपादकीय कौन है रा-वन में कहा गया है कि स्वयंभू निशान-ए-पाकिस्तान शाहरूख खान ने अपनी फिल्म के प्रोमोशन के लिए बहुत हवाबाजी की लेकिन उसकी रूपहली लंका में आग लग गई। लेकिन रा-वन के बहाने अमिताभ बच्चन को विवाद में फंसाने के लिए जो साजिश की गई वो निंदनीय है।
संपादकीय में आरोप लगाया गया है कि ट्विटर पर फर्जी खाता खोलकर अमिताभ बच्चन के नाम से टिप्पणी करना एक साजिश थी। इसकी जांच होनी चाहिए कि किस रा-वन की आंख में अमिताभ का कद चुभता है। संपादकीय में अमिताभ के लिए भारत रत्न की मांग करते हुए यह भी कहा गया है कि चूंकि अमिताभ बच्चन का सोनिया गांधी परिवार से इन दिनों छत्तीस का आंकड़ा है इसलिए कांग्रेस सरकार और कांग्रेस के लोग अमिताभ बच्चन से व्यक्तिगत बैर रखने लगे हैं।
इस संपादकीय में यह भी कहा गया है कि सदी के महानायक पर बेहद हीन दर्जे के आरोप लगाने वाली सयाली भगत भी अब आरोपों से पल्ला झाड़ चुकी है तो इस बात की जांच होनी ही चाहिए की इस सब के पीछे कौन है। कौन है जो रा-वन की रिलीज के वक्त अमिताभ को विवाद में डाल रहा था।
dainikbhaskar.com के पाठकों को रा.वन प्रभावित नहीं कर सकी। रा.वन पर किए गए सर्वे में शामिल पांच हजार पाठकों में से 60 प्रतिशत ने कहा फिल्म का जितना प्रचार किया गया उतनी दमदार नहीं हैं। वहीं 21 प्रतिशत पाठकों ने इसे एक बार देखने लायक बताया जबकि 19 प्रतिशत ने इसे फुल एंटरटेनमेंट पैसा वसूल करार दिया। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन रा.वन ने अच्छी कमाई की।