कुख्यात कैदियों वाली जेलों में सीसीटीवी कैमरे!

मुंबई। गृहमंत्री आर.आर. पाटील ने गुरुवार को विधानसभा में राज्य की उन तमाम जेलों में सीसीटीवी लगाने का भरोसा दिलाया है, जहां कुख्यात कैदी बंद हैं।
उन्होंने बताया कि पुणो की येरवड़ा जेल में कथित आतंकवादी कतील सिद्दीकी की हत्या के मामले में अतिरिक्त डीआईजी समेत आठ पुलिस वालों को निलंबित किया गया है। हत्या के पीछे किसी आतंकवादी संगठन का हाथ है या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है।
प्रश्नकाल में भाजपा के गिरीश बापट, मनसे के वसंत गीते, शिवसेना के सुभाष देसाई और कांग्रेस के कृष्णा हेगड़े ने येरवडा जेल के अंडा सेल में सिद्दीकी की हत्या का मुद्दा उठाया था। बापट ने आरोप लगाया कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था सड़ गई है।
इसलिए कैदियों की हत्या के मामले सामने आने लगे हैं। विपक्ष के नेता एकनाथ खडसे ने बताया कि जेल में अंडा, शराब, चिकन मिल रहा है। इससे किसका संबंध है और कौन सप्लाई करता है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि जेलों में कैद अपराधियों की जांच के लिए हम क्या कर रहे हैं।
जवाब में गृहमंत्री ने कहा कि अंडा सेल में हत्या की यह पहली घटना है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। सिद्दीकी की हत्या की जांच भी जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई निलंबन तक सीमित नहीं रहेगी।
मामले की सीआईडी जांच की रिपोर्ट को अगले सत्र में पेश किया जाएगा। उन्होंने माना कि जेलें ओवरलोड हो चुकी हैं। उनमें क्षमता से ज्यादा कैदी रखे गए हैं।
गृहमंत्री ने बताया कि जेलों में पुलिस कर्मियों की कमी को भर्ती के जरिए पूरा किया जा रहा है। 29 जेलों में वीडियो कांफ्रेसिंग की व्यवस्था भी शुरू की गई है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विचार के लिए बनेगी समिति
राज्य में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर उपाय सुझाने के लिए राज्य सरकार ने एक समिति गठित करने का फैसला किया है। गुरुवार को विधान परिषद में गृहमंत्री आर.आर. पाटील ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गृह विभाग, पीडब्लूडी, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के राज्यमंत्री समिति के सदस्य होंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि घायलों को मदद पहुंचानेवालों को 1 लाख 50 हजार इनाम देने का फैसला किया गया है। मददगारों व गवाहों को उनकी कार्यप्रणाली के आधार पर यह पुरस्कार दिए जाएंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रमों में सड़क सुरक्षा संबंधी विषय शामिल करने की सूचना स्कूली शिक्षा विभाग को दी जाएगी। परिवहन राज्यमंत्री गुलाबराव देवकर ने कहा कि आईटीआई में मोटर ट्रेनिंग स्कूल खोलकर ड्राइविंग का प्रशिक्षण देने का फैसला किया गया है।
जब गोलियों की आवाज से गूंज उठा डी कंपनी का गढ़
आज उद्धव ठाकरे की होगी एंजियोप्लास्टी, राज ठाकरे पहुंचे मातोश्री
मेरी बेटियां मुझे दे दो......तुम मेरी बात क्यों नहीं मानते
जब पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी के साथ हो सकता है ऐसा तो औरों की क्या कहें
कानून की किताब में अब नहीं होगा ‘बलात्कार’ शब्द, पुरुष भी हो सकता है पीड़ित







