सतारा. महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक दलित महिला के कपड़े फाड़ देने और उसे नंगे घुमाए जाने का मामला सामने आया है। इस महिला की सरेआम पिटाई भी किए जाने की खबर है। बताया जाता है कि महिला का बेटे ऊंची जाति की एक लड़की के साथ भाग गया है। लड़की के परिवारवालों को को यह बेहद नागवार गुजरा। जब लड़के की मां पानी भरने जा रही थी तो उसके साथ लड़की के घरवालों ने पिटाई की।
महिला के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करने वाले इसी लड़की के घरवाले बताए जा रहे हैं। पीडिता को कराड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है लेकिन अधिकारियों ने इससे इनकार किया है कि महिला के कपड़े फाड़े गए या उसे नंगा घुमाया गया।
सतारा के डीएम डॉ. एन. रामास्वामी ने कहा, ‘पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि महिला के कपड़े नहीं फाड़े गए और न ही उसे नंगा घुमाया गया है। उसे पीटा जरूर गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों से पूछताछ की है जो लड़की के रिश्तेदार बताए जाते हैं। उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’ डीएम ने बताया कि लड़की अभी नाबालिग है जो बीते 18 नवंबर को लड़के साथ भाग गई थी। महिला को गंभीर चोट आई है हालांकि अब वह खतरे से बाहर है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अंडमान के आदिवासियों के शोषण का मामला गरमाता जा रहा है।