किसी भी वक़्त जगजाहिर हो सकता है लैला खान की जिंदगी का यह रहस्य

मुंबई। अभिनेत्री लैला खान की रहस्यमय गुमशुदगी का राज मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी किसी भी वक्त जगजाहिर कर सकते हैं। क्योंकि अब मुंबई के किला कोर्ट ने इस हाईप्रोफाइल मामले के संदिग्ध मास्टरमाइंड परवेज इकबाल टाक को 19 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
जम्मू-कश्मीर का मूलनिवासी परवेज वह शख्स है। जो कभी लैला के दुबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद की छत्रछाया में होने का दावा करता है। तो कभी गोली मारकर उसकी व परिवार के अन्य पांच सदस्यों की हत्या करने का सनसनीखेज बयान देता है।
परवेज के दावों पर विश्वास करें, तो 9 फरवरी 2011 को उसने आसिफ शेख, अफगान खान नामक एक बिल्डर और दो सुपारी किलर के साथ मिलकर लैला सहित उसकी मां सलीमा बेगम पटेल, बहन जारा, भाई इमरान और चचेरी बहन रेशमा खान की गोली मारकर हत्या कर दी थी और लाश को मुंबई के पास जंगल में दफना दिया था।
परवेज के इस सनसनीखेज खुलासे में आसिफ शेख का नाम आने पर आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के अधिकारियों ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था और बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया था।
इस तरह अभिनेत्री लैला खान गुमशुदगी प्रकरण के दो बड़े संदिग्ध अभियुक्त अब मुंबई क्राइम ब्रांच की हिरासत में हैं। जिसकी वजह से अब इस हाइप्रोफाइल मामले की गुत्थी किसी भी वक्त सुलझ सकती है।
परवेज ने फिर बदला बयान
क्राइम ब्रांच के सूत्रों का कहना है कि परवेज लगातार अपने बयान बदल रहा है। 12 जून 2012 को उसे जम्मू-कश्मीर की किश्तवाड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी 8 जुलाई को उसे किश्तवाड़ से ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लेकर आये।
सोमवार को उसे किला कोर्ट में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे १९ जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। सूत्रों का कहना है कि अब परवेज ने पुलिस को बताया है कि उसने लैला के इगतपुरी के फार्म हाउस के वॉचमैन शकीर की मदद से सभी की फार्म हाउस में हत्या की और लाश को आस-पास के जंगल में दफना दिया।
मुंबई क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त हिमांशु राय पहले ही कह चुके हैं कि परवेज के दावों पर पुलिस तभी यकीन करेगी, जब लापता लोगों की लाश नहीं मिल जाती है।
वैसे अब तक परवेज के अलग-अलग बयानों के आधार पर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने शक जाहिर किया है कि इस पूरे प्रकरण के पीछे संपत्ति विवाद हो सकता है।
क्योंकि खुद परवेज ने भी माना है कि लैला और उसकी मां घर में उसे सम्मान नहीं देते थे। कभी कभार विवाद होने पर लैला की मां सलीमा सारी संपत्ति अपने पहले पति नादिर पटेल के नाम करने की धमकी देती थी। यही वजह है कि पुलिस को पूरी वारदात के पीछे संपत्ति विवाद नजर आ रहा है।
PHOTOS: मिलिए, जुर्म की दुनिया की पांच कुख्यात हसीनाओं से
PHOTOS : यह है नरेन्द्र मोदी का नया चोला
सुलझ गई लैला की गुत्थी? फार्म हाउस से बरामद हुए 6 मानव कंकाल
किसी भी वक़्त जगजाहिर हो सकता है लैला खान की जिंदगी का यह रहस्य









