नागपुर. फिल्मों को भी मात दे देने वाली घटना ने लोगों को हतप्रभ कर दिया। वाठोड़ा रोड हिवरी नगर में एक निर्माणाधीन पुल से एक मोटरसाइकिल दो लोगों सहित नीचे नाले में गिर पड़ी।
खतरनाक ढंग से घटने वाली इस घटना के बाद भी दोनों सवारों को खरोंच तक नहीं आई। चमत्कार तो तब हुआ जब पता चला कि उनके बचने का कारण बना है नाले में पड़ा कीचड़। घटना के बाद दोनों किसी तरह नाले से निकल कर घर चले गए।
स्थानीय नागरिकों ने सोमवार की सुबह मोटरसाइकिल को नाले में देखा, तो पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। उसके बाद नंदनवन पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल को नाले से बाहर निकाली। हादसा पुल के दोनों ओर वेरिकेट्स नहीं लगे होने के कारण हुआ।