तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझी : यवतमाल का निकला आरोपी

मुंबई. मुंबई पुलिस ने नटराज बीयर बार में हुए तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रवीण सोनावणे उर्फ सोनू (21) को गिरफ्तार किया है। शनिवार की रात बियर बार के तीन कर्मचारियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
तिलक नगर पुलिस ने सोनावणे को महानगर के गिरगांव इलाके से गिरफ्तार किया है। वह यवतमाल के उमरखेड का रहनेवाला है।
उसके पास से 4 मोबाइल, हत्या के लिए उपयोग में लाया गया चापर, चोरी की घड़ी बरामद की है। उसके साथ हत्या में और कौन शामिल है, इसकी पड़ताल की जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त कैसर खालिद के अनुसार सोनावणे ने पुरानी रंजिश के चलते अपने सहकर्मियों की हत्या की है। पूछताछ में पता चला है कि सोनावणे उसी बार में काम करता है। लेकिन उसकी मृतकों से नहीं पटती थी। उनके बीच अकसर झगड़े होते थे।
शनिवार की रात ढाई बजे बियर बार बंद होने के बाद, सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। उसके बाद सुरक्षाकर्मी भास्कर दलवी, सफाईकर्मी वसंत मडीवाल व वेटर राजा ढेकोलिया जब सो गए तो सोनावणे हत्या कर वहां से फरार हो गया। मृतकों के गले व पेट पर गहरे हमले किए गए थे।
वारदात को रात ढाई से 5 बजे के बीच अंजाम दिया गया। खालिद के मुताबिक सोनावणे महानगर से बाहर भाग पाता, उससे पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिसवालों की 10 टीमें बनाई गई थी। इससे पहले बार में गाना गानेवालों सहित 20 कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए थे।
बार कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी ट्रेस किए जा रहे थे। कोर्ट में पेशी के दौरान अदालत ने सोनावणे को 11 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
महानगर के विद्याविहार इलाके में नटराज बियर बार है। बीते शनिवार की सुबह करीब 8 बजे बार की सफाई करने पहुंचे दीपक पाटील ने खून से लथपथ तीन कर्मचारियों की लाश देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिंतेद्र ंिसह ठाकुर और भरत सिंह ठाकुर बार के मालिक हैं। उन्होंने बार प्रदीप पंत को किराए पर दे रखा है।






