महाराष्ट्र में दो जनवरी से किन्नरों का राष्ट्रीय अधिवेशन
Source: विनोद यादव/भास्कर | Last Updated 18:59(29/12/11)
किन्नरों का 2 जनवरी से 17 जनवरी तक महाराष्ट्र के अक्कलकुवा तालुका के सोरापाड़ा में राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया है। राज्य के किन्नरों की प्रमुख नायक रानी का कहना है कि इस सम्मेलन में देशभर के करीब 5 हजार किन्नर उपस्थिति दर्ज करायेंगे।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में किन्नरों की राजधानी सोरापाड़ा (अक्कलकुवा) है। नायक रानी का कहना है कि सम्मेलन का आयोजन यहां के महाकाली माता मैदान में किया गया है। इस आयोजन के मद्देनजर 26 दिसंबर को स्तंभपूजा का कार्यक्रम संपन्न हुआ है।
नायक रानी के अनुसार 15 दिन तक चलने वाले सम्मेलन में महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, उड़िसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के किन्नर उपस्थित रहेंगे।
बता दें कि किन्नरों को राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन दो जनवरी को महाकाली मंदिर से शहर भर में शोभायात्रा (जुलूस) निकाली जायेगी। तीन जनवरी को पहलवान बाबा दर्गा पर चादर चढ़ाई जायेगी और उसके बाद विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।