खुफिया आंखों में खामी नहीं दे रहीं पूरी तस्वीर!

नागपुर।
सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन परिसर में जल्दी ही चौतरफा घूमनेवाले कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही पुराने कैमरों में से कुछ के स्थान बदले जाएंगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार, वर्तमान स्थिति में स्टेशन पर लगे कैमरे अपराधिक गतिविधियों को ठीक तरह से कैद नहीं कर पा रहे हैं।
गुरुवार को आरपीएफ, जीआरपीएफ व रेलवे अधिकारियों द्वारा स्टेशन की सुरक्षा का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जीआरपी ने आरपीएफ को निवेदन सौपकर कैमरों की स्थिति ठीक नहीं रहने का उल्लेख किया है।
संवेदनशील जगहों पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर लगे कैमरे पर्याप्त नहीं होने की बात सामने आई। लिहाजा नए कैमरे लगाने का फैसला लिया गया। इनमें कुछ घूमनेवाले कैमरे ऐसे होंगे, जो चौतरफा नजर रखेंगे। आधुनिक तकनीक से लैस ये कैमरे संवेदनशील जगहों पर लगाए जाएंगे।
आधे कैमरों की जगह बदल सकती है
वर्तमान में स्टेशन पर 41 कैमरे लगे हैं। इनमें दर्जनभर गलत रहने स्थान पर लगे हैं, जिससे घटना का पूरा फुटेज प्राप्त नहीं हो पाता है। लिहाजा, अपराधियों को पकडऩा मुश्किल हो जाता है।
दरवाजे पर कैमरा नहीं तो गार्ड
रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के आवागमन के लिए आधा दर्जन प्रवेश द्वार बने हंै। इनमें से मुख्य द्वार पर ही कैमरे लगे हैं। निरीक्षण के बाद हर प्रवेश द्वार पर कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया। जिस प्रवेश द्वार पर कैमरा नहीं लगेगा, वहां सुरक्षा जवान की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
डुप्लीकेशन नहीं होगा
अब एक ही जगह पर आरपी
एफ व जीआरपीएफ के जवान नहीं रहेंगे। डुप्लिकेशन होने से कई बार एक ही जगह पर दो जवानों की उपस्थिति रहती थी। लेकिन कुछ जगहों पर एक भी सुरक्षा जवान नहीं रहता था।
बढ़ी गतिविधियां, नहीं बढ़ी सुरक्षा
स्टेशन पर हर साल गाडिय़ों व यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। लेेकिन स्टेशन की सुरक्षा नहीं बढऩे से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। निरीक्षण के बाद परिसर को सुरक्षित रखने में सबंधित विभाग कितनी सतर्कता बरतता है, इस पर ध्यान होगा।
कुछ कैमरों की जगह बदली जाएगी
निरीक्षण में कुछ कैमरों की स्थिति ठीक नहीं रहने की बात सामने आई है। परिसर में लगे कुछ कैमरों की स्थिति जरूरत के अनुसार बदली जाएगी।
-इब्राहिम शरीफ, वरिष्ठ मंडल आयुक्त आरपीएफ, मध्य रेलवे नागपुर मंडल
सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत
रेलवे स्टेशन पर बढ़ती गतिविधियों को देख सुरक्षा इंतजाम बढऩे की जरूरत है। नए कैमरे लगने पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होगी।
-श्री यादव, पुलिस अधीक्षक, जीआरपी
परिसर में गाडिय़ों पर जामर
नो पार्किंग में खड़ी गाडिय़ों पर कार्रवाई
रेलवे स्टेशन परिसर में नो पार्किं ग क्षेत्र में खड़ी गाडिय़ों पर जामर लगाकर जीआरपी द्वारा कार्रवाई की गई। शुक्रवार की दोपहर में कुछ वाहनों पर कार्रवाई करने से वाहनधारकों में डर दिखा। जिससे परिसर में व ड्राप एंड गो का मार्ग दिनभर खाली रहा। जीआरपी को फिलहाल 2 जामर मिले हैं। जल्दी जामर की संख्या बढ़ेगी और साथ ही कार्रवाई की तेजी भी बढऩे का आश्वासन विभाग ने दिया है। रेलवे स्टेशन परिसर में रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता रहता है।
निजी गाडिय़ों से आनेवाले यात्री अपना वाहन पार्किंग में लगाते हैं। लेकिन यात्री को छोडऩे आनेवाले लोग लापरवाही से अपना वाहन स्टेशन परिसर में अस्त-व्यवस्त तरीके से खड़ा कर देते हैं। जिससे परिसर में यातायात की समस्या पैदा होती है। दुपहिया वाहनों पर तो जीआरपी द्वारा चेन लगाकर कार्रवाई की जाती थी। लेकिन चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए विभाग के पास जामर का अभाव था। चार पहिया वाहनधारक कई बार अपना वाहन गो एंड पार्क पर बेतरतीब खड़े कर देते थे। ऐसे में समस्या की गंभीरता समझते हुए जीआरपी ने जामर की मांग की थी। शुक्रवार को दो जामर मिले हैं। जीआरपी पीआई सी. भाबल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।






