15 दिनों से आतंक मचाने वाले बाघ को गोली मारने के आदेश

गोंदिया. गोंदिया-भंडारा जिले की सीमा पर विगत 15 दिनों से आतंक मचाने वाले बाघ को देखते ही गोली मारने के आदेश वन विभाग ने दे दिए हैं।
इसके लिए शनिवार शाम, शूटर का एक दल परिसर में भेज दिया गया है। वन विभाग के आला अधिकारी व कर्मचारी नवेगांव बांध में डेरा डाले हुए हैं। गौरतलब है कि नवेगांव बांध राष्ट्रीय उद्यान से सटे सिरेगांव में शनिवार सुबह ११ बजे के दौरान बाघ ने हमला कर नानाजी वाघाये नामक 47 वर्षीय किसान को घायल कर दिया।
खेत में काम कर रहे अन्य किसानों के आ जाने से बाघ भाग गया। गुस्साए लोगों ने दोपहर करीब १ बजे विधायक राजकुमार बडोले के नेतृत्व में कोहमारा-चंद्रपुर राज्य महामार्ग पर चक्काजाम किया। आंदोलनकारियों ने तत्काल बाघ को पकडऩे की मांग की। जिसके बाद यह आदेश दिए गए।
युवती के परिजनों को मदद
शुक्रवार शाम को भी भिवखिड़की निवासी भाग्यश्री बाघ का शिकार हुई थी। शनिवार को अंतिमसंस्कार किया गया। वन विभाग ने युवती के परिजनों को १० लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पालकमंत्री के साथ बैठक आज
विधायक राजेंद्र जैन ने घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों को बाघ को पकडऩे के निर्देश दिए थे। 4 जनवरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इस घटनाक्रम से जिले के पालकमंत्री को अवगत कराया। पालकमंत्री देशमुख ने जिलाधिकारी को बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में गोंदिया व भंडारा के वन विभाग के प्रधान मुख्य वनसंरक्षक, वनसंरक्षक व विभागीय वनाधिकारियों से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हंै।
बैठक में विधायक जैन बैठक के साथ मृतक महिलाओं के परिजन सरकार की ओर से सहायता राशि उपलब्ध करवाने की मांग रखेंगे।






