नागपुर. परिस्थितियों के आगे बेबस होकर एक विवाहिता ने जान देने का फैसला कर लिया। मौत को गले लगाने के बाद बेटे का क्या होगा, इस ख्याल के चलते उसने 9 वर्षीय बेटे को दूध में जहर डालकर पिला दिया।
बाद में उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दिल को हिलाकर रख देने वाली यह घटना मंगलवार की सुबह हुड़केश्वर क्षेत्र में हुई।
आत्महत्या करने वाले मां-बेटे का नाम सुचिता उमेश पोटफोडे (30) और अर्चित निवासी बांते ले-आउट है। घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बताया जाता है कि मौत को गले लगाने से पहले सुचिता ने सुसाइड नोट भी लिखा है। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। सुचिता और अर्चित की मौत को संदेह की नजर से देखा जा रहा है। पुलिस ने उसके पति उमेश पोटफोडे को हिरासत में ले लिया है।