जहरीली गैस का रिसाव, खदान अस्थायी तौर पर बंद

बल्लारपुर (चंद्रपुर). बल्लारपुर क्षेत्र के बल्लारपुर उपक्षेत्रातंर्गत बल्लारपुर कालरी भूमिगत खदान 3 और 4 पिट्स में जहरीली गैस की मात्रा अत्याधिक बढ़ जाने से गुरुवार को खदान को अस्थायी तौर पर बंद किए जाने की जानकारी मिली है।
खदान सुरक्षा नागपुर विभाग के उपमहानिदेशक एच.सी. यादव, वेकोलि मुख्यालय नागपुर के निर्देशक (तकनीक) ओमप्रकाश और क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजीव दास ने खदान का मुआयना कर वहां की परिस्थिति को भांपते हुए खदान को बंद करने के निर्देश दिए।
ज्ञात रहे कि डेढ़ माह पूर्व चार वरिष्ठ अधिकारियों के निलंबन के पश्चात क्षेत्र के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। खदान में कुल 1038 श्रमिक कार्य कर रहे हैं। खदान से प्रतिदिन 600 टन और सालभर में सवा दो लाख टन कोयला उत्पादित करने का लक्ष्य रखा गया था, परंतु प्राकृतिक व्यवधानों के चलते लगातार कोयला उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा था।
सूत्रों के अनुसार खदान के भीतर पूर्व दिशा में 90 हेक्टेयर में कार्य जारी था, जहां 72 मीटर लेवल टू डिप में गैस से कार्य प्रभावित हुआ। बताया जाता है कि कार्बन मोनोआक्साइड की मात्रा वातावरण में 50 पीपीएम होने के बजाए 2000 पीपीएम तक पहुंच गई थी।
ऐसे में कामगारों की सेहत को भारी नुकसान पहुंचने का अंदेशा लगाया जा रहा था। जिसके चलते खदान को सील करने के बाद इसे तत्काल बंद करने का निर्णय अधिकारियों ने लिया। ऐहतियात के तौर पर खदान के आसपास स्थित स्कूलों को भी बंद करवाया गया है।






