रतन टाटा रिटायर, साइरस आज संभालेंगे बागडोर

मुंबई/पुणे. करीब पौने पांच लाख करोड़ रुपए की कंपनी टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा शुक्रवार को रिटायर हो गए। उनके उत्तराधिकारी साइरस मिस्त्री शनिवार को समूह की कमान संभालेंगे।
रतन टाटा ने अपना 75वां जन्मदिन पुणे में ही मनाया। वे टाटा मोटर्स के कारखाने में मौजूद रहे। उन्होंने अपना कारोबारी सफर वहीं से शुरू किया था। जबकि साइरस ने मुंबई स्थित समूह के मुख्यालय 'बांबे हाउस' में दिन बिताया।
साइरस मिस्त्री समूह के छठे चेयरमैन होंगे। शुक्रवार को संभावना थी कि मिस्त्री चेयरमैन पद संभाल लेंगे। इसलिए मीडिया का हुजूम बांबे हाउस के बाहर जमा था। लेकिन रतन टाटा नहीं पहुंचे।
मिस्त्री आए तो बिना कुछ कहे अंदर चले गए। मिस्त्री 2006 में बतौर डायरेक्टर टाटा समूह में शामिल हुए थे। रतन टाटा, समूह के मानद चेयरमैन बने रहेंगे। उन्होंने 21 वर्ष तक टाटा समूह की कमान संभाली।
पुणे से विदाई संदेश जारी किया
रिटायरमेंट के मौके पर रतन टाटा ने पुणे से ही विदाई संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, 'कंपनी के कर्मचारियों की कुर्बानियां, वफादारी और साहसिक कारनामे मेरी यादों में हमेशा बसे रहेंगे। मैं उनके जज्बे को सलाम करता हूं। हम कठिन आर्थिक हालात से गुजर रहे हैं।
यह आगे कुछ और समय तक बने रहेंगे। साइरस इस दौर में जिम्मेदारी बखूबी निभा सकें इसके लिए आप सभी को उनका साथ देना होगा।
मैं साइरस और समस्त कर्मचारियों के सफल भविष्य की कामना करता हूं। उम्मीद करता हूं कि यह कारोबारी साम्राज्य आगे भी बुलंदियों पर पहुंचेगा।'








