अधिक उपलब्धता और मांग कम होने से टूट गये हैं 'भाव'
Source: Bhaskar News | Last Updated 02:30(09/12/11)
नागपुर. इस वर्ष बंपर फसल के चलते शहर की मंडियों में लाल मिर्ची की आवक अच्छी हो रही है। माल की उपलब्धता अधिक है और मांग कम होने से भाव टूट गये हैं। 90 रुपये किलो वाली मिर्ची 70 रुपये किलो पर आ गई है। दूसरी ओर लेवाल नहीं होने से हल्दी में भी मंदी छायी हुई है।
मध्यप्रदेश में मिर्च की नई फसल आने के बाद नागपुर तथा अन्य जगहों से होने वाले मिर्च व्यापार में मंदी की हवा बहने लगी है। निमाड़ में मिर्च की नई फसल की आवक शुरू होने के बाद भाव काफी नीचे गिर गए हैं। इधर आंध्रप्रदेश में भी बारिश के बाद अच्छी फसल निकली है। इससे भी शहर की मंडियों में भाव कमजोर हुए हैं।
कुछ महीने पहले कारोबारियों का मानना था कि बारिश के कारण आंध्रप्रदेश की फसल पर बुरा प्रभाव पड़ेगा और इस कारण से मध्यप्रदेश में अच्छी फसल होने के बावजूद भाव ऊंचे रहे थे। इस समय मध्यप्रदेश की मंडियों में मिर्च की एक करोड़ बोरियां उपलब्ध हैं। एक बोरी में औसतन 35 किलो मिर्च होती है।
पिछले वर्ष इस समय जहां मिर्च की कीमत 90 से 95 रुपये प्रति किलो रही थी, वहीं इस समय लाल मिर्च नागपुर की मंडियों में 65 से 70 रुपये प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है। हर रोज जहां 70-80 हजार बोरियां मंडियों में बिक्री के लिये आती थीं, वहीं दस हजार से भी कम बोरियों का व्यापार हो रहा है।
आंध्रप्रदेश की गुंटूर मंडी में 18 लाख बोरी स्टाक में है, नागपुर की मंडी में 1.5 लाख बोरियों का स्टाक जमा है। वैश्विक परिस्थितियों में अस्थिरता एवं मंदी के दौर का असर मिर्च के निर्यात व्यापार पर भी पड़ा है। भारत लाल मिर्च का सबसे बड़ा उत्पादक देश है।
यहां सालाना औसतन 10 लाख टन मिर्च का उत्पादन होता है। मिर्ची व्यवसायी विनोद कातुरे ने बताया कि आने वाले समय में यह भाव 2-4 रुपये और कम हो सकते हैं। मांढल मंडी में आने वाली पाला मिर्च भी मंदी का शिकार हुई है। बीते साल इसका भाव 80 से 85 रुपये प्रति किलो रहा था।
और टूट सकते हैं हल्दी के दाम
हल्दी बाजार में भी मंदी का दौर चल रहा है। पिछले एक माह से हल्दी के दाम स्थिर चल रहे हैं। जानकारों के अनुसार आगे चल कर हल्दी के दाम और टूटने की संभावना है। इन दिनों सेलम, निजामाबाद, सांगली और आंध्रप्रदेश से हल्दी का माल आ रहा है।
अभी हल्दी की नई फसल आ रही है। ऐसे में जिन व्यापारियों के पास पुराना स्टॉक है, वे इसे औने-पौने दाम में बेच रहे हैं। 105 रुपये से ले कर अच्छी क्वालिटी की हल्दी 130 रुपये किलो तक बिक रही है। आने वाले दिनों में हल्दी के भाव 20 रुपये और टूट सकते हैं।