बाल ठाकरे के नाम पर बनेगा खेल परिसर

मुंबई। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के भव्य स्मारक को लेकर शिवसेना भले ही असमंजस में हो, लेकिन उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा ने उनके नाम पर महानगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का विशाल खेल परिसर बनाने का फैसला लिया है। महानगर के बोरिवली इलाके में खाली पड़े दो भूखंडों पर खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा जिसे श्री ठाकरे का नाम दिया जाएगा।
इस परियोजना पर 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बोरीवलि में शिंपोली के पास 15 एकड़ जमीन है। इसी तरह महावीर नगर में 13 एकड़ का भूखंड है। इन भूखड़ों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेलकूद परिसर बनाया जाएगा। स्थानीय भाजपा विधायक गोपाल शेट्टी पिछले तीन साल से राज्य सरकार, म्हाडा और महानगरपालिका से इस परियोजना के लिए प्रयास कर रहे थे।
उद्धव का राज्यव्यापी दौरा 3 फरवरी से
शिवसेना का अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद उद्धव ठाकरे तीन फरवरी से राज्यव्यापी दौरे पर निकलेंगे। उनकी पहली जनसभा मराठवाड़ा के जालना जिले में होगी। इस बीच वे पार्टी पदाधिकारियों से आगामी चुनाव को लेकर स्थानीय मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे। बुधवार को शिवसेना भवन में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उद्धव को सर्वसम्मति से पक्षप्रमुख चुना गया।
बैठक में उद्धव ने दावा किया है कि वे इस बार राज्य में सत्ता परिवर्तन करके रहेंगे। इसी संकल्प के साथ वे विदर्भ मराठावाड़ा सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में तीन महीने घूमेंगे और पार्टी के लिए जनमत तैयार करेंगे। दौरे के दौरान उद्धव हिंदुत्व के मुद्दे पर जोर देते हुए केंद्र और राज्य सरकार को घेरेंगे।
जनसभाओं में भूमिपूत्रों के रोजगार का मसला अहम होगा।
दूसरी ओर पार्टी ने युवाओं को लुभाने की जिम्मेदारी युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे पर सौंपी है। आदित्य ने कोंकण के रायगढ़ जिले से राज्यव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी है।







