डूबा सक्शन पंप, इनटेक वेल बंद

नागपुर। उत्तर और पूर्व नागपुर को जलापूर्ति करने वाले कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र पर संकट मंडरा रहा है। कन्हान नदी में आयी बाढ़ के कारण कन्हान केंद्र का सक्शन पंप पूरी तरह पानी में डूब गया है। इससे इनटेक वेल ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे जलशुद्धिकरण केंद्र में कच्चे पानी की कमी निर्माण हो गई है।
हो सकता है पानी संकट: उल्लेखनीय है कि रोजाना 10 हजार क्यूबिक मीटर पानी पर प्रक्रिया करने वाले जलशुद्धिकरण केंद्र में फिलहाल 3500 क्यूबिक मीटर पर ही प्रक्रिया हो रही है। इससे उत्तर और पूर्व नागपुर की जलापूर्ति प्रक्रिया बाधित हो रही है।
अगले कुछ दिनों तक दोनों क्षेत्रों को पानी संकट से जूझना पड़ सकता है। सक्शन पंप बाढ़ में डूबने से मिट्टी, कचरा और पत्थर आदि जमा हो गए हैं। इससे इनटेक वेल ने भी पूरी तरह काम करना बंद कर दिया है। ऐसे में कच्चे पानी को शुद्धिकरण करने की प्रक्रिया बाधित हो रही है। जानकार सूत्रों ने बताया कि पहली बार शहर पर इस तरह का संकट आया है। सेक्शन पंप बाढ़ में डूबने और इनटेक वेल खराब होने का पहला मामला है।
परिस्थिति में जल्द सुधार की संभावना कम : गुरुवार को तोतलाडोह बांध के गेट खोलने से कन्हान नदी उफान पर आ गई है। नदी से सटे अनेक गांव इसकी चपेट में हैं। गांववासियों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है, किन्तु इससे सबसे ज्यादा शहर प्रभावित हुआ है। क्योंकि पेयजल का संकट सामने दिखाई दे रहा है।
सूत्रों ने बताया कि कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र में 10 हजार क्यूबिक मीटर क्षमता के 3 इनटेक वेल हैं। कच्च पानी सेक्शन पंप में फिल्टर होकर इनटेक वेल में जाता है। एक सेक्शन पंप पानी में डूबने से यहां कचरा, मिट्टी, लकड़ी, पत्थर जमा हो गए हैं, जिससे एक इनटेक वेल पूरी तरह बंद है।
दो इनटेक वेल शुरू हैं। ये भी अपनी क्षमता अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में रोजाना सिर्फ 3500 पर पानी प्रक्रिया पहुंच गई है, जिससे उत्तर और पूर्व नागपुर को होने वाली जलापूर्ति बाधित हो रही है। यहां कम दबाव से सीमित जलापूर्ति होगी। फिलहाल इसके सुधार में कितना समय लगेगा, इसे स्पष्ट नहीं किया गया है।
सहयोग की अपील
मनपा व ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स कंपनी ने इसकी पुष्टि करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है। मनपा व ओसीडब्ल्यू द्वारा जारी अपने बयान में कहा गया है कि सेक्शन पंप प्रभावित होने से सिर्फ 900 मिमी लाइन पर एक पंप काम कर रहा है।
फलत: कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र से सिर्फ 3500 घन मीटर कच्च पानी उपलब्ध हो रहा है। फिलहाल पानी की उच्चतम स्तर 274.0 मीटर है। सामान्य यह 7 मीटर तक होती है। स्थानीय नागरिकों के दावे पर यकीन किया जाए तो वर्ष 1994 के बाद ऐसी परिस्थिति उत्पन्न हुई है।






