मुंबई. केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार की बेटी व राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने रविवार को मातोश्री जाकर शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से मुलाकात की। सुप्रिया ने बताया कि पवार पर दिल्ली में हुए हमले के बाद शिवसेना ने जिस तरह से उनके परिवार का साथ दिया उसके लिए वे ठाकरे के प्रति आभार प्रकट करने वहां गई थी।
सहपरिवार मातोश्री पहुंची सुप्रिया ने बाल ठाकरे से मुलाकात के बाद बताया कि उनके परिवार से ठाकरे परिवार का पुराना रिश्ता रहा है। मेरी मां और दिवंगत मीना ठाकरे सहेली थी। मेरे पिताजी और बाल ठाकरे के बीच अच्छे पारिवारिक संबंध रहे हैं। शिवसेना प्रमुख को वे अपना चाचा मानती हैं। सुप्रिया ने कहा कि दिल्ली में युवक ने श्री पवार पर हमला किया, उसके बाद शिवसेना प्रमुख व पार्टी के सभी नेताओं ने हमले के निंदा की। वे एक साथ मेरे परिवार के साथ खड़े हो गए।
शिवसेना प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि जब भी पवार पर संकट आएगा पार्टी उनका साथ देगी। सुप्रिया ने राज ठाकरे व अन्य दलों के नेताओं का भी साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया।