फिर आम आदमी हुआ परेशान, सिरदर्द बना जाम

नागपुर. मंगलवार को दिनभर शहर के वाहनधारकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ा। शीतसत्र के दूसरे दिन विधानसभा परिसर में पहुंचे भाजपा के विशाल मोर्चे की वजह से शहर के कई रास्ते बंद किए गए थे। जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।
आरबीआई चौक, जीरो माइल चौक, लोहपुल चौक, जयस्तंभ चौक, बर्डी, वेरायटी चौक, गांधीपुतला चौक, महल आदि क्षेत्रों में भीषण ट्रैफिक जाम हुआ था।
वाहनधारकों को 5 मिनट की दूरी तय करने के लिए आंधे घंटे से ज्यादा समय लग रहा था। ऐसे में आम आदमी के समय व पेट्रोल दोनों की बर्बादी हुई।
लाखों का पेट्रोल उड़ा : भीषण ट्रैफिक जाम में फंसनेवाले हजारों लोगों का लाखों का पेट्रोल फिजूल में ही धुएं में उड़ गया। श्री मोहिनी काम्प्लेक्स चौक से जयस्तंभ चौक, रामझूला मार्ग, वेरायटी चौक से बडऱ्ी, गांधी पुतला चौक से महल आदि जगहों पर लगे जाम में यह स्थिति बन गई थी कि वाहनधारक न तो अपनी गाड़ी बंद कर पा रहे थे न ही रफ्तार से आगे बढ़ पा रहे थे।
यदि वे गाड़ी बंद करते तो पीछे से कोई उन्हें टक्कर मार देता था। गाड़ी तेजी से बढ़ाने पर सामने के वाहन से टक्कर हो जाती थी। ऐसे में वाहनधारकों को गाड़ी चालू रखकर धीमी रफ्तार से वाहन को आगे बढ़ाना पड़ रहा था।
घूमकर जाना पड़ा : वेरायटी चौक से जीरो माइल्स की ओर जानेवाला मार्ग, महाराजबाग से जीरो माइल्स की ओर जानेवाला मार्ग, चिटणीस पार्क मार्ग आदि रास्ते बंद किए जाने से वाहनधारकों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ा। बंद मार्ग के अलावा रेशमबाग से निकले भाजपा के मोर्चे ने अशोक चौक, बैïद्यनाथ चौक, काटन मार्केट चौक, लोहापुल, वेरायटी चौक को आंधे घंटे से ज्यादा समय के लिए बंद किया गया था।
ऐसे में वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। आम जनता हलाकान : उपरोक्त जाम के चलते उपराजधानी की आम जनता हलाकान हुई। शहर के ज्यादातर लोग सिविल लाइंस परिसर स्थित कार्यालयों में कार्यरत हैं। ऐसे में मंगलवार को उपरोक्त क्षेत्र के कई मार्ग बंद रहने से नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।






