पर्यटक रेस्ट हाउस का आरक्षण होगा ऑनलाइन

नागपुर. अभयारण्यों व व्याघ्र प्रकल्पों के पर्यटन स्थलों पर रेस्ट हाउस का रिजर्वेशन अब ऑनलाइन किया जाएगा। शीघ्र ही यह सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह सुविधा पूरे महाराष्ट्र के पर्यटन स्थलों के लिए होगी।
पेंच व्याघ्र प्रकल्प के क्षेत्र संचालक तथा मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) श्री रेड्डी ने बताया कि महाराष्ट्र के किसी भी अभयारण्यों अथवा व्याघ्र प्रकल्पों की सैर के लिए जाने से पहले लोगों की वहां रहने की चिंता अब थोड़े ही दिनों में दूर हो जाएगी। पर्यटन स्थलों पर रेस्ट हाउस के ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा आने वाले दिनों में शुरू होने जा रही है।
बुकिंग ऑन लाइन करने का काम चल रहा हैै। यह सुविधा पूरे महाराष्टï्र के पर्यटन स्थलों के लिए उपलब्ध होगी।
क्रेडिट या डेबिट कार्ड से बुकिंग: अभयारण्य व व्याघ्र प्रकल्पों के रेस्ट हाउस की बुकिंग किसी भी जगह से ऑनलाइन किया जा सकेगा। इसके लिए क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के माध्यम से कमरे का किराया चुकाना होगा।
किसी कारणवश रिजर्वेशन रद्द करने पर जमा की गई किराए की रकम से नियमानुसार कुछ रकम काटकर शेष रकम संबंधित के खाते में वापस लौटा दी जाएगी।
यहां होती है बुकिंग
वर्तमान में अभयारण्यों अथवा व्याघ्र प्रकल्पों के रिजर्वेशन के लिए संबंधित वनसंरक्षक कार्यालय जाना पड़ता है। ताड़ोबा व्याघ्र प्रकल्प में रेस्ट हाउस की बुकिंग चंद्रपुर स्थित कार्यालय से की जाती हैै।
पेंच के लिए नागपुर और मेलघाट में रिजर्वेशन के लिए अमरावती कार्यालय में सुविधा है। ऑनलाइन प्रणाली से रेस्ट हाउस की बुकिंग के लिए संबंधित कार्यालयों तक जाने की झंझट से छुटकारा मिलेगा।






